‘जहां-जहां EVM पर लगी टेप, वहां दोबारा होगा मतदान…’,बंगाल में वोटिंग के बीच चुनाव आयोग ने दिया आदेश

Summary :

EVM Tape Controversy: पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण का चुनाव 142 विधानसभा सीटों पर हो रहा है। दूसरे चरण की वोटिंग के बीच भारतीय जनता पार्टी के अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में EVM में बीजेपी के बटन पर टेप लगाया गया है। अब चुनाव आयोग ने इसको गंभीरता से लेते हुए ऐसे बूथों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है, जहां-जहां पर ऐसा किया गया है। दूसरे चरण के मतदान के दौरान राज्यभर में अच्छी भागीदारी देखी जा रही है। सुबह 11 बजे तक करीब…

EVM Tape Controversy: पश्चिम बंगाल में दूसरे और अंतिम चरण का चुनाव 142 विधानसभा सीटों पर हो रहा है। दूसरे चरण की वोटिंग के बीच भारतीय जनता पार्टी के अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में EVM में बीजेपी के बटन पर टेप लगाया गया है। अब चुनाव आयोग ने इसको गंभीरता से लेते हुए ऐसे बूथों पर दोबारा मतदान कराने का आदेश दिया है, जहां-जहां पर ऐसा किया गया है।

दूसरे चरण के मतदान के दौरान राज्यभर में अच्छी भागीदारी देखी जा रही है। सुबह 11 बजे तक करीब 39.97 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिलों की बात करें तो पुरबा बर्धमान में सबसे अधिक 44.50 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि हुगली में 43.12 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। वहीं, कोलकाता उत्तर और कोलकाता दक्षिण में क्रमशः 38.39 प्रतिशत और 36.78 प्रतिशत मतदान हुआ। इससे साफ है कि शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में मतदाता सक्रिय हैं।

फाल्टा में अनियमितताओं के आरोप

डायमंड हार्बर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फाल्टा इलाके से चुनाव में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। कुछ मतदान केंद्रों पर यह शिकायत सामने आई कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के बटन पर टेप लगाया गया था, जिससे मतदाताओं को अपनी पसंद का उम्मीदवार चुनने में दिक्कत हुई। इन आरोपों के बाद चुनाव प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

चुनाव अधिकारी का बयान

पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने इस मुद्दे पर स्पष्ट कहा कि यदि किसी भी मतदान केंद्र पर ईवीएम के बटन पर टेप लगाए जाने की पुष्टि होती है, तो वहां दोबारा मतदान कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसी किसी भी शिकायत की गंभीरता से जांच की जाएगी और पूरी प्रक्रिया को रिकॉर्ड किया जाएगा।

इस मामले को लेकर अमित मालवीय ने सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कई बूथों पर मतदाताओं को एक खास पार्टी के पक्ष में वोट देने से रोका गया। उनके अनुसार, कुछ जगहों पर भाजपा के विकल्प को टेप लगाकर ब्लॉक कर दिया गया था। उन्होंने इस तरीके को “डायमंड हार्बर मॉडल” बताते हुए कहा कि यह लोकतंत्र के खिलाफ है और प्रभावित बूथों पर फिर से मतदान होना चाहिए।

राजनीतिक बयानबाजी तेज

अमित मालवीय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी अपनी बात रखते हुए आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ऐसे मामलों का समर्थन करती रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इस तरह के तरीके पहले भी इस्तेमाल किए गए हैं, जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हो सकते हैं। डायमंड हार्बर सीट पर इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प है। यहां तृणमूल कांग्रेस के मौजूदा विधायक पन्ना लाल हल्दर के खिलाफ भाजपा ने दीपक कुमार हल्दर को उम्मीदवार बनाया है। पिछली बार के चुनाव में पन्ना लाल हल्दर ने करीब 16,996 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी। इस बार भी दोनों उम्मीदवारों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Also Read: ‘बिस्मिल्लाह कहो, सलाम करो, फिर अंदर आओ…’, मीरा रोड में धर्म पूछकर चाकू मारने वाले आरोपी के घर के बाहर लगा पोस्टर

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।