लखनऊ रेलवे स्टेशन पर फर्जी महिला टीटीई गिरफ्तार, रेलवे अधिकारियों ने पकड़ा

Summary :

लखनऊ रेलवे स्टेशन पर टीटीई का आईडी कार्ड निकला फर्जी

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर फर्जी महिला टीटीई पकड़ी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रेलवे अधिकारियों ने महिला का आईकार्ड चेक किया, जो कि फर्जी पाया गया। इसके बाद चारबाग जीआरपी ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। चारबाग स्टेशन के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में स्टेशन परिसर पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान रेलवे द्वारा सूचना मिली कि एक महिला टीटी के परिधान में यात्रियों के टिकट चेक कर रही है।

जीआरपी टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला का आईडी कार्ड चेक किया। महिला संदिग्ध होने पर स्टेशन मास्टर को बुलाया गया। उन्होंने उसका आईडी कार्ड मांगा, तो उसने अपना आईडी कार्ड दिया, जिसमें उसका नाम काजल सरोज पुत्री छोटेलाल सरोज निवासी ग्राम मालेपुर संत रविदास नगर अंकित है और जिसका नंबर 20137081345 है। जानकारी करने पर इस नंबर और नाम का कोई टीटीई चेकिंग कैडर में पंजीकृत नहीं है, जिसके संबंध में स्टेशन मास्टर की तरफ से लिखित में तहरीर देकर अभियोग पंजीकृत कराया गया और महिला आरक्षी की मदद से थाना जीआरपी के सुपुर्द किया गया, जिसके संबंध में थाना अभियोग पंजीकृत किया गया है। अन्य विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

चारबाग के जीआरपी प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि अपर पुलिस महानिदेशक प्रकाश डी के निर्देश में लगातार नियमित चेकिंग अभियान चल रहा है। चारबाग स्टेशन पर महिला वेटिंग रूम के पास एक महिला टीटीई पूरे ड्रेस में यात्रियों के टिकट चेक कर रही थी, लेकिन उसकी गतिविधियां संदिग्ध लग रही थीं। शक होने पर उसका आईडी कार्ड चेक करने पर पता चला कि ऐसा कोई आईडी नंबर पंजीकृत नहीं है। इसको तत्काल गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.