झारखंड के जामताड़ा में बच्ची का शव मिला, दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप

Summary :

जामताड़ा में 10 साल की बच्ची की हत्या, आरोपी फरार

झारखंड के जामताड़ा जिला अंतर्गत नाला थाना क्षेत्र में रविवार शाम को तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 10 साल की एक बच्ची का शव भदरबुड़ी जंगल से बरामद किया गया। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक लड़के ने दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की है। इसे लेकर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। बच्ची शनिवार से लापता थी। जिस लड़के पर दुष्कर्म और हत्या करने का आरोप लगा है, वह फरार बताया जा रहा है।

परिजनों ने बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट शनिवार को थाने में दर्ज कराई थी। उसकी लगातार तलाश की जा रही थी। रविवार को किसी ने बच्ची का शव जंगल में देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव बरामद किया। शव के पास से कुरकुरे का रैपर सहित कुछ अन्य सामान बरामद किए गए हैं। पुलिस का अनुमान है कि बच्ची को लालच देकर जंगल की तरफ ले जाया गया था।

गांव के लोगों और मृत बच्ची के परिजनों ने गांव पहुंची पुलिस के सामने आक्रोश व्यक्त करते हुए आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस के अनुसार, आरोपी की तलाश में इलाके में छापेमारी की जा रही है। घटना की सूचना पाकर एसडीपीओ मनोज कुमार महतो और नाला थाना प्रभारी प्रदीप राणा भी गांव पहुंचे। संदिग्ध आरोपी के परिजनों और अन्य लोगों से भी पूछताछ की गई है। पंचायत समिति के पूर्व सदस्य जितेन राउत, युवा सैनिक संघ के राजू दास सहित अन्य लोगों ने भी इस संबंध में पुलिस से कार्रवाई की मांग की।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.