ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट: CM मोहन यादव से मिले जैकी भगनानी, जताया आभार

Summary :

जैकी भगनानी ने सीएम मोहन यादव से की वन-टू-वन चर्चा

अभिनेता-फिल्म निर्माता जैकी भगनानी मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव से मुलाकात की। अभिनेता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर मुलाकात को शानदार बताते हुए आभार भी जताया।

जैकी भगनानी प्रशंसकों को अपनी हर एक गतिविधि से अक्सर रूबरू कराते रहते हैं। सीएम मोहन यादव के कार्यालय की एक्स पोस्ट में लिखा था, “ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट भोपाल में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अभिनेता-फिल्म निर्माता जैकी भगनानी से फिल्म उद्योग और निवेश संभावनाओं को लेकर वन-टू-वन चर्चा की। यह संवाद प्रदेश में फिल्म निर्माण, मनोरंजन और पर्यटन क्षेत्र के विस्तार के नए अवसर प्रदान करेगा।

पोस्ट को री-पोस्ट करते हुए जैकी भगनानी ने लिखा, “ग्लोबल इन्वेस्टर्स में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सर से मिलकर सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस गहन बातचीत के लिए आभारी हूं और मध्य प्रदेश तथा यहां के लोगों के लिए उनके नजरिए की प्रशंसा करता हूं।”

जैकी भगनानी से पहले ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अभिनेता और मध्य प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर पंकज त्रिपाठी भी शामिल होने के लिए सोमवार को भोपाल पहुंचे थे। भोपाल पहुंचे अभिनेता एयरपोर्ट पर मीडिया से मुखातिब हुए, जहां उन्होंने समिट में शामिल होने को लेकर अपनी खुशी और उत्साह जाहिर किया। मीडिया ने जब उनसे पूछा कि उन्हें यहां आकर कैसा लग रहा है तो उन्होंने कहा, “मुझे यहां आकर काफी अच्छा लग रहा है। मैं यहां पर्यटन विभाग के लिए आया हूं। मैं एमपी टूरिज्म का ब्रांड एंबेसडर हूं तो उसके एक सीजन में शामिल होने के लिए यहां आया हूं। ये शहर काफी खूबसूरत है और मैंने यहां कई फिल्में की हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.