गोरखपुर: बहराइच-नानपारा रेलखंड पर प्री-कमीशनिंग का काम शुरू, कई ट्रेनें प्रभावित

Summary :

रेलवे प्रशासन ने 10 ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव किया

पूर्वोत्तर रेलवे ने उत्तर प्रदेश के बहराइच-नानपारा रेलखंड पर प्री-कमीशनिंग से जुड़ा अमान परिवर्तन का काम शुरू कर दिया है। इस कार्य को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 10 ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव किया है। ट्रेन नंबर 14213 वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस 16 से 19 जून तक केवल गोंडा तक चलेगी। गोंडा से बहराइच के बीच इस ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा।

रेल यात्रियों के सफर को अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे निरंतर काम कर रहा है। इसी कड़ी में पूर्वोत्तर रेलवे ने उत्तर प्रदेश के बहराइच-नानपारा रेलखंड पर प्री-कमीशनिंग से जुड़ा अमान परिवर्तन का काम सोमवार से शुरू कर दिया है, जिसके चलते 16 से 21 जून तक कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। रेलवे के अनुसार, इस दौरान मुख्य संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) द्वारा 20 और 21 जून को सुरक्षा जांच की जाएगी। इस कार्य को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे प्रशासन ने 10 ट्रेनों के संचालन में आंशिक बदलाव किया है। यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने दी।

ट्रेन नंबर 14213 वाराणसी-बहराइच एक्सप्रेस 16 से 19 जून तक केवल गोंडा तक चलेगी। गोंडा से बहराइच के बीच इस ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा। ट्रेन नंबर 14214 बहराइच-वाराणसी एक्सप्रेस 17 से 20 जून तक गोंडा से शुरू होगी। बहराइच से गोंडा के बीच यह ट्रेन नहीं चलेगी। इसी तरह, 05131 गोरखपुर-बहराइच स्पेशल 16 से 21 जून तक पयागपुर तक ही चलेगी। पयागपुर से बहराइच के बीच इस ट्रेन का संचालन रद्द रहेगा। 05132 बहराइच-गोरखपुर स्पेशल 16 से 21 जून तक बहराइच की जगह पयागपुर से शुरू होगी।

अमरोहा में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट में 4 महिलाओं की मौत, 9 घायल

इसके अलावा, 75109 गोंडा-बहराइच डेमू 17 से 19 जून तक केवल चिलवरिया तक जाएगी। 75110 बहराइच-गोंडा डेमू 17 से 19 जून तक चिलवरिया से रवाना होगी, बहराइच से नहीं चलेगी। 75111 गोंडा-बहराइच डेमू 16 से 19 जून तक केवल चिलवरिया तक सीमित रहेगी। 75112 बहराइच-गोंडा डेमू 16 से 19 जून तक चिलवरिया से शुरू होगी। 75113 गोंडा-बहराइच डेमू 16 से 19 जून तक केवल चिलवरिया तक चलेगी। 75114 बहराइच-गोंडा डेमू 16 से 19 जून तक चिलवरिया से रवाना होगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले संबंधित ट्रेन की जानकारी प्राप्त करें। कई यात्रियों को अपने नजदीकी स्टेशन की बजाय अन्य स्टेशनों से यात्रा प्रारंभ करनी पड़ सकती है। समय और असुविधा से बचने के लिए रेलवे की वेबसाइट, हेल्पलाइन नंबर या नजदीकी स्टेशन से पूर्व जानकारी लेना अत्यंत आवश्यक होगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.