उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र मंगलवार को शुरू हो गया। लेकिन इसकी शुरुआत के साथ ही विपक्ष ने हंगामा शुरू कर दिया। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता अस्थि कलश लेकर विधानसभा पहुंचे और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। राज्यपाल के अभिभाषण के बाद भी जारी हंगामे के बाद सत्र को 12.30 बजे तक स्थगित कर दिया गया।
सपा विधायक संग्राम यादव ने इस मुद्दे पर पत्रकारों से बातचीत की और कहा कि विपक्ष की मांग है कि महाकुंभ में जिन श्रद्धालुओं की जान गई है, महामहिम राज्यपाल अपने भाषण से पहले उनके प्रति अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त करें। उनके प्रति विधानसभा में श्रद्धांजलि व्यक्त की जाए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में यह परंपरा रही है कि दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी जाती है, लेकिन सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए नए-नए प्रयोग कर रही है।
उन्होंने महाकुंभ में अव्यवस्थाओं को लेकर सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। संग्राम यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ को विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया जाएगा, लेकिन जो श्रद्धालु देश और विदेश से आए थे, उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मेला आम जनता के लिए नहीं बल्कि केवल वीआईपी लोगों के लिए बना दिया गया। वीआईपी श्रद्धालुओं को विशेष सुविधाएं दी गई, जबकि आम लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए भी संघर्ष करना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



