इस्लामाबाद : पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने जेल में अपने साथ हो रहे बर्ताव को लेकर बड़ा बयान दिया है। रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद इमरान खान ने कहा है कि यदि जेल में उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके लिए सीधे तौर पर पाकिस्तानी सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर जिम्मेदार होंगे।
जेल में “आतंकियों से भी बुरा बर्ताव”
इमरान खान ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट और वकीलों के माध्यम से जारी संदेश में आरोप लगाया कि जेल में उनके साथ आतंकवादियों से भी खराब व्यवहार किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि उन्हें और उनकी पत्नी बुशरा बीबी को न तो मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं और न ही वे अपने कानूनी अधिकारों का इस्तेमाल कर पा रहे हैं। इमरान खान ने लिखा, “मेरे सेल में लगा टेलीविजन भी बंद कर दिया गया है। बुशरा बीबी को भी यातना दी जा रही है। जो अधिकार एक आम कैदी को मिलते हैं, उनसे भी हमें वंचित किया जा रहा है।”
कुछ हुआ तो मुनीर होंगे जिम्मेदार
इमरान खान ने दावा किया कि जेल में उनके साथ हो रहे व्यवहार के पीछे सेना प्रमुख आसिम मुनीर का हाथ है। उन्होंने कहा, “जेल के एक कर्नल और अधीक्षक, मुनीर के निर्देश पर काम कर रहे हैं। मैं अपनी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) को स्पष्ट निर्देश देता हूं कि अगर मेरे साथ कुछ होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी आसिम मुनीर पर होगी।”
प्रदर्शन की चेतावनी, झुकने से इनकार
पूर्व प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान की जनता से आह्वान किया है कि वे तानाशाही के खिलाफ आवाज उठाएं। उन्होंने कहा, “मैं जेल में जिंदगी गुजारने को तैयार हूं, लेकिन झुकने को नहीं। यह वक्त है देशभर में सरकार और सेना के खिलाफ प्रदर्शन शुरू करने का।” गौरतलब है कि इमरान खान की पार्टी PTI ने आगामी 5 अगस्त से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने की घोषणा की है, जिसके माध्यम से सरकार और सेना पर इमरान की रिहाई के लिए दबाव डाला जाएगा।
वीआईपी ट्रीटमेंट की तुलना
इमरान खान ने जेल में एक सेना अधिकारी को मिल रहे वीआईपी सुविधाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, “एक दोषी सैन्य अधिकारी को आरामदायक जीवन दिया जा रहा है, जबकि मुझे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।”


Download Android App
Download iOS App


