वैश्विक रैंकिंग में आईआईएम लखनऊ ने लगाई 14 पायदान की छलांग

Summary :

वैश्विक एमबीए रैंकिंग में आईआईएम लखनऊ की बड़ी उपलब्धि

भारत सरकार के सर्वोच्च उच्च शिक्षण संस्थानों में शुमार आईआईएम लखनऊ ने अपनी वैश्विक रैंकिंग में जबरदस्त सुधार किया है। प्रतिष्ठित व वैश्विक फाइनेंशियल टाइम्स एमबीए रैंकिंग 2025 में इसे 71वीं रैंक मिली। विश्व के कुल 100 बी स्कूलों में 8 भारतीय शिक्षण संस्थान शामिल हैं। पिछले साल केवल छह भारतीय बिजनेस स्कूलों ने एमबीए की एफटी रैंकिंग में स्थान हासिल किया था।

इस ग्लोबल रैंकिंग में आईआईएम अहमदाबाद 31वें स्थान पर, आईआईएम बैंगलोर 57वें स्थान पर, आईआईएम कलकत्ता 61वें स्थान पर और आईआईएम लखनऊ 71वें स्थान पर है। ख़ास बात यह है कि वैश्विक स्तर पर पिछले साल के मुकाबले आईआईएम लखनऊ ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लंबी छलांग लगाई है। भारतीय प्रबंधन संस्थान यानी आईआईएम लखनऊ के इंटरनेशनल प्रोग्राम इन मैनेजमेंट फॉर एग्जीक्यूटिव्स (आईपीएमएक्स) ने एमबीए रैंकिंग 2025 में वैश्विक स्तर पर पिछले वर्ष की तुलना में 14 स्थानों की वृद्धि दर्ज की है। इसके बाद यह संस्थान रैंकिंग में सूचीबद्ध 5वां सर्वोच्च रैंक वाले भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) हो गया है।

गौरतलब है कि 2005 में, आईआईएम लखनऊ ने दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में नोएडा में एक सैटेलाइट परिसर स्थापित किया था। तब वह ऐसा करने वाला पहला आईआईएम बनकर सामने आया था। इसके जरिए आईआईएम ने दिल्ली और उसके आसपास प्रबंधन शिक्षा के क्षेत्र में अपने प्रभाव क्षेत्र का विस्तार किया है।

इस उपलब्धि के बारे में आईआईएम लखनऊ की निदेशक प्रो. अर्चना शुक्ला ने कहा, “रैंक में यह उल्लेखनीय उछाल उत्कृष्टता, वैश्विक मानकों और हमारे संकाय, छात्रों और पूर्व छात्रों के अथक प्रयासों के प्रति हमारी अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह रैंकिंग हमारी पेशकशों को बढ़ाने, उद्योग सहयोग को बढ़ावा देने और हमारे छात्रों को वैश्विक कारोबारी माहौल में कामयाब होने के लिए महत्वपूर्ण कौशल से लैस करने के हमारे प्रयास का प्रमाण है। यह विश्व मंच पर निरंतर विकास और प्रभाव के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।”

प्रो. अर्चना के मुताबिक आईआईएम लखनऊ का इंटरनेशनल प्रोग्राम इन मैनेजमेंट फॉर एग्जीक्यूटिव्स (आईपीएमएक्स) अनुभवी पेशेवरों को एक परिवर्तनकारी शिक्षण अनुभव प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है। साथ ही इस पाठ्यक्रम को आज के वैश्विक व्यापार परिदृश्य में जटिल चुनौतियों और अवसरों को संबोधित करने के लिए सावधानीपूर्वक डिज़ाइन किया गया है। यह प्रतिभागियों को उनके क्षेत्रों में अग्रणी के रूप में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए आवश्यक ज्ञान, कौशल और दृष्टिकोण प्रदान करता है। 1984 में स्थापित भारतीय प्रबंधन संस्थान लखनऊ, आईआईएम कलकत्ता, आईआईएम अहमदाबाद और आईआईएम बैंगलोर के बाद भारत में स्थापित प्रबंधन स्कूलों के प्रतिष्ठित आईआईएम परिवार में चौथा संस्थान है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.