मायावती को लेकर उदित राज का बयान गलत, मैं इसकी निंदा करता हूं : राशिद अल्वी

Summary :

राशिद अल्वी ने मायावती पर उदित राज के बयान को बताया अनुचित

कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद उदित राज के बसपा सुप्रीमो मायावती पर दिए विवादित बयान ने राजनीतिक सियासत में हलचल मचा दी है। विपक्षी दलों ने इस बयान को लेकर हमला बोल दिया है। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने इस बयान की निंदा करते हुए कहा कि यह बयान अनुचित था। उन्होंने कहा, “मायावती भले ही हमारी राजनीतिक विरोधी हों, लेकिन सामाजिक दृष्टि से उनका अहम योगदान है, ऐसे में इस तरह के बयान का कोई मतलब नहीं है। मैं इस बयान की निंदा करता हूं।” उन्होंने आगे कहा कि दूसरे दलों के नेता भी मायावती इज्जत करते हैं और ऐसे बयान देना उचित नहीं है।

बता दें कि लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता उदित राज ने बसपा प्रमुख पर निशाना साधते हुए कहा था कि ‘मायावती का गला घोंटने का समय आ गया है’। चुनाव आयुक्त की नियुक्ति को लेकर चल रहे विवाद पर राशिद अल्वी ने कहा, “मोदी सरकार हर संस्थान पर अपना कब्जा करना चाहती है। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस को हटाकर एक केंद्रीय मंत्री को नियुक्त किया गया है ताकि वह अपनी मर्जी से चुनाव आयुक्त की नियुक्ति कर सकें। यह लोकतंत्र के लिए खतरे की घंटी है और भाजपा संवैधानिक संस्थाओं पर कब्जा करने की कोशिश कर रही है।”

संजय राउत ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के गठबंधन की संभावना पर उम्मीद जताई है। इस पर अल्वी ने कहा, “भाजपा के खिलाफ सभी दलों को एक साथ आना पड़ेगा। हमारी जिम्मेदारी है कि हम सभी को साथ लेकर चलें, क्योंकि हम बड़ी पार्टी हैं।” 1984 के सिख विरोधी दंगों के आरोपी कांग्रेस नेता सज्जन कुमार पर कोर्ट का फैसला मंगलवार को आने वाला है। इस पर राशिद अल्वी ने कहा, “सज्जन कुमार पहले ही दोषी करार दिए जा चुके हैं, और आज फैसला सुनाया जाएगा। हालांकि, उनके पास अपील करने का हक है, क्योंकि यह फैसला निचली अदालत का है और वह इसे ऊपरी अदालत में चुनौती दे सकते हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.