India-US Trade Deal Live: भारत पर टैरिफ लगाना, रूस से तेल ना खरीदने का दबाव बनाना और बार-बार भारत-पाकिस्तान युद्ध रुकवाने का दावा करने के बीच ट्रंप के तेवर एक कॉल में बदल गए है। बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत में दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों को लेकर चर्चा हुई।
ट्रेड डील पर मुहर लगी और टैरिफ घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है। इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘टूथ सोशल पर प्रधानमंत्री मोदी से हुई बातचीत को लेकर एक बयान जारी करते हुए कहा कि भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वह मेरे सबसे अच्छे मित्रों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं।
India-US Trade Deal Live

ट्रंप के अनुसार, दोनों नेताओं के बीच व्यापार और रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई और दावा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी रूस से तेल खरीदना बंद करने और वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुए हैं। ट्रंप ने कहा कि इससे यूक्रेन में जारी युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जहां हर सप्ताह हजारों लोग मारे जा रहे हैं।
ट्रंप ने यह भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध और आपसी मित्रता के तहत भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है। इसके तहत अमेरिका भारत पर लगाए जाने वाले टैरिफ को 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा, जबकि भारत अमेरिका के खिलाफ अपने टैरिफ और गैर-टैरिफ बाधाओं को शून्य तक लाने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
“It was an Honor to speak with Prime Minister Modi, of India, this morning… He agreed to stop buying Russian Oil, and to buy much more from the United States and, potentially, Venezuela. This will help END THE WAR in Ukraine” – President Donald J. Trump 🇺🇸 pic.twitter.com/RD7PZ8S16z
— The White House (@WhiteHouse) February 2, 2026
India US Trade News Update

दोनों देशों के बीच हुई ऐतिहासिक ट्रेड डील के साथ ही राष्ट्रपति ट्रंप ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने Buy American नीति के तहत अमेरिका से बड़े पैमाने पर खरीदारी का भी वादा किया है, जिसमें 500 अरब डॉलर से अधिक के अमेरिकी ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, कृषि, कोयला और अन्य उत्पाद शामिल होंगे। ट्रंप ने कहा कि भारत-अमेरिका संबंध आने वाले समय में और मजबूत होंगे और दोनों नेता ऐसे हैं जो काम करके दिखाते हैं।
Trump Cuts Tariffs on India
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी ट्रंप के कसीदे पढ़ते हुए कहा कि अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करना बहुत अच्छा लगा और उन्होंने इस बात पर खुशी जताई कि “मेड इन इंडिया उत्पादों पर अब 18% का कम टैरिफ लगेगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प को बहुत-बहुत धन्यवाद। दो प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों के बीच सहयोग उनके लोगों के हितों की पूर्ति करता है और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग के लिए व्यापक अवसर खोलता है।






















