इंडियाज गॉट लेटेंट: रणवीर इलाहाबादिया महाराष्ट्र साइबर सेल में दर्ज कराएंगे बयान

Summary :

महाराष्ट्र साइबर सेल ने समय रैना को भेजा था समन

‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को लेकर चल रहे विवाद के आरोपी रणवीर इलाहाबादिया, अपूर्वा मुखीजा और समय रैना महाराष्ट्र साइबर के संपर्क में हैं। इनका आज बयान दर्ज किया जाएगा। वे अपना बयान दर्ज कराने के लिए महाराष्ट्र साइबर कार्यालय जाएंगे। ये सभी अधिकारियों द्वारा दिए गए वक्त पर आकर अपना बयान दर्ज कराएंगे। महाराष्ट्र साइबर सेल ने समय रैना को ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद में समन भेजकर 18 फरवरी को हाजिर होने के लिए कहा था, लेकिन समय रैना उनके सामने पेश नहीं हुए, जिसके बाद समय रैना को गुरुवार को फिर से समन भेजा गया। महाराष्ट्र साइबर सेल ने समय से उनके सामने जल्द पेश होने के लिए कहा है।

बता दें कि ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ शो में यूट्यूबर-पॉडकास्टर रणवीर इलाहाबादिया की अश्लील टिप्पणी के बाद समय रैना ने शो के सभी एपिसोड यूट्यूब से हटा दिए थे। सुप्रीम कोर्ट ने पॉडकास्टर और उसके सहयोगियों को अगले नोटिस तक यूट्यूब या अन्य प्लेटफॉर्म पर कोई भी शो प्रसारित करने से मना कर दिया है।

बीते दिनों समय रैना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था, “जो कुछ भी हो रहा है, उसे संभालना मेरे लिए बहुत मुश्किल है। मैंने अपने चैनल से ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के सभी वीडियो हटा दिए हैं। मेरा एकमात्र उद्देश्य लोगों को हंसाना और अच्छा समय बिताना था। मैं सभी एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करूंगा ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि उनकी जांच निष्पक्ष रूप से पूरी हो। साइबर पुलिस ने शो में शामिल 40 लोगों की पहचान करने का दावा किया था।

महाराष्ट्र साइबर पुलिस ने सिद्धार्थ तेवतिया (बप्पा) को भी तलब किया और अपना बयान दर्ज कराने को कहा। तेवतिया शो में बतौर जज शामिल हुए थे। साइबर पुलिस शो में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है। इस लिस्ट में राखी सावंत, महीप सिंह, दीपक कलाल समेत अन्य मेहमानों के नाम भी शामिल हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने भी रणवीर इलाहाबादिया, समय रैना और अन्य को तलब किया था। साथ ही यूट्यूबर्स द्वारा कथित तौर पर की गई अपमानजनक और नस्लवादी टिप्पणियों पर गहरी चिंता व्यक्त की थी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.