IPL 2025 का आज होगा आगाज, KKR और RCB के बीच पहला महामुकाबला

Summary :

KKR की स्पिन जोड़ी से निपटने को तैयार RCB

आईपीएल 2025 का आगाज गतविजेता कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) और अपनी पहली ट्रॉफी का इंतजार कर रही रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की भिड़ंत से होगा। आईपीएल 2020 के बाद से दोनों टीमों के बीच खेले गए आठ मुक़ाबलों में केकेआर ने छह मुकाबलों में जीत दर्ज की है। ईडन गार्डंस में होने वाले इस मुकाबले के मद्देनजर हम कुछ रोचक आंकड़ों का रुख करते हैं जो कि इस महामुकाबले में अपनी छाप छोड़ सकते हैं।

वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण की स्पिन जोड़ी केकेआर की एक मजबूत कड़ी है और आरसीबी की बल्लेबाजी की जिम्मेदारी उनके सबसे अनुभवी खिलाड़ी विराट कोहली के कंधों पर होगी। हालांकि टी20 में वरुण और नारायण के खिलाफ कोहली के आंकड़े उतने प्रभावशाली नहीं रहे हैं।

कोहली ने वरुण के खिलाफ सात पारियों में 39 गेंदों का सामना करते हुए 40 रन बनाए हैं और इस दौरान वह एक बार वरुण का शिकार भी बने हैं जबकि 20 पारियों में नारायण की 157 गेंदों का सामना करते हुए कोहली ने 162 रन बनाए हैं और चार बार वह नारायण का शिकार भी बने हैं। ऐसे में केकेआर पावरप्ले में कोहली के खिलाफ अपने स्पिन आक्रमण को आजमा सकती है। कोहली को अनरिख नॉर्खिये ने भी काफी परेशान किया है, नॉर्खिये की 42 गेंदों पर कोहली ने 41 रन बनाए हैं जबकि नार्खिए नौ पारियों में दो बार कोहली को आउट कर चुके हैं। वरुण चक्रवर्ती ने लियम लिविंगस्टन को भी आठ पारियों में तीन बार अपना शिकार बनाया है।

डी कॉक और रहाणे को भुवनेश्वर से बचकर रहना होगा पावरप्ले में भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल में सर्वाधिक 72 विकेट लिए हैं और वह आईपीएल में केकेआर के खिलाफ सर्वाधिक 32 विकेट चटकाने वाले गेंदबाज भी हैं जबकि ईडन गार्डंस पर उन्होंने 10 मैचों में 11 विकेट चटकाए हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भुवनेश्वर ने नौ मैचों में 6.0 की इकॉनमी से 11 विकेट भी चटकाए थे। वहीं केकेआर के बल्लेबाजों के खिलाफ भी भुवनेश्वर के आंकड़े काफी प्रभावशाली हैं।

क्विंटन डी कॉक को टी20 में भुवनेश्वर ने सात पारियों में दो बार अपना शिकार बनाया है, जबकि केकेआर के नए कप्तान अजिंक्य रहाणे को भुवनेश्वर 18 पारियों में सात बार अपना शिकार बना चुके हैं। इस दौरान भुवनेश्वर की 117 गेंदों पर रहाणे के बल्ले से 89 के स्ट्राइक रेट से 104 रन ही निकले हैं। मनीष पांडे को भी भुवनेश्वर चार बार अपना शिकार बना चुके हैं लेकिन वेंकटेश अय्यर ने भुवनेश्वर की 42 गेंदों का सामना करते हुए 55 रन बनाए हैं और एक भी बार उनके खिलाफ अपना विकेट नहीं गंवाया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.