‘जो ईरान के इतिहास को जानते हैं वो ऐसी धमकी नहीं देंगे…’, खामेनेई ने ट्रंप को दे दी बड़ी चेतावनी

Summary :

ईरानी सुप्रीम लीडर खामेनेई ने ट्रंप को दे दी बड़ी चेतावनी

खामेनेई ने स्पष्ट किया कि ईरान अपने शहीदों की कुर्बानी को बेकार नहीं जाने देगा और हर एक का हिसाब लिया जाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए खामेनेई ने कहा कि जो लोग ईरान के इतिहास से परिचित हैं, वे जानते हैं कि धमकियों से ईरान डरता नहीं है.

Iran-Israel War: मिडिल ईस्ट एक बार फिर वैश्विक राजनीति के केंद्र में है. ईरान और इजरायल के बीच जारी तनाव अब और अधिक गंभीर हो गया है, क्योंकि अमेरिका ने इस संघर्ष में खुलकर दखल देना शुरू कर दिया है. इससे न केवल क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ी है, बल्कि पूरी दुनिया की नजर इस संकट पर टिकी हुई है. इस बीच ईरान के सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली खामेनेई ने अमेरिका और इजरायल को दो टूक चेतावनी दी है.

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान अपने शहीदों की कुर्बानी को बेकार नहीं जाने देगा और हर एक का हिसाब लिया जाएगा. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों पर प्रतिक्रिया देते हुए खामेनेई ने कहा कि जो लोग ईरान के इतिहास से परिचित हैं, वे जानते हैं कि धमकियों से ईरान डरता नहीं है.

ईरान नहीं मानेगा जबरन थोपे गए…

खामेनेई ने आगे कहा कि ईरान न तो किसी पर थोपी गई शांति को स्वीकार करेगा और न ही किसी के द्वारा शुरू किए गए युद्ध को चुपचाप सहन करेगा. तस्नीम न्यूज एजेंसी के हवाले से खामेनेई ने यह भी कहा कि यदि अमेरिका ने कोई भी आक्रामक कार्रवाई की, तो उसे इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.

इजराइल ने ‘बहुत बड़ी भूल की’

ईरान के सर्वोच्च नेता ने इजरायल के हमलों को एक बड़ी गलती करार दिया. उन्होंने कहा कि ईरान उन शहीदों और हमलों को कभी नहीं भूलेगा, जो क्षेत्र में हुए हैं. खामेनेई ने यह भी दोहराया कि ईरान कभी आत्मसमर्पण नहीं करेगा और अगर दुश्मन हमला करता है तो उसे करारा जवाब दिया जाएगा.

अमेरिका ने ईरान को लेकर किया ये दावा

उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा में आयोजित G7 समिट से लौटने के बाद एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि अमेरिका ईरान को परमाणु हथियार नहीं रखने देगा. ट्रंप ने यह दावा भी किया कि अमेरिका का ईरान के हवाई क्षेत्र पर नियंत्रण है और अमेरिका की तकनीक किसी से कम नहीं है.

Iran-Israel Warइजराइल में ईरान की बमबारी से डरा भारतीय युवक, आया हार्ट अटैक, हुई मौत

अमेरिका के दखल से फूट सकता है युद्ध

ईरानी विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका ने इस संघर्ष में किसी भी प्रकार की हस्तक्षेप की कोशिश की, तो यह पूरे मिडिल ईस्ट में एक व्यापक युद्ध की शुरुआत बन सकती है. मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका को समझना चाहिए कि उसकी कार्रवाई केवल तनाव को और बढ़ाएगी.

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।