Israel Airstrike on Iran: मिडिल ईस्ट में ईरान और इजराइल के बीच चल रही जंग को आज 7 दिन हो गए हैं। इस बीच आज सातवें दिन इजरायल ने ईरान को बड़ा सैन्य झटका दिया है। इजरायली सेना ने ईरान के 6 बैलेस्टिक मिसाइल लॉन्चर को नष्ट करने का दावा किया है। इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) ने इस हमले का वीडियो भी जारी किया है, जिसमें मिसाइल लॉन्चर पर किए गए हमले को दिखाया गया है। यह कार्रवाई इजरायली एयर फोर्स ने रात के समय की। इजरायल के मुताबिक इन लॉन्चरों से ईरान लगातार इजरायल पर मिसाइल हमले कर रहा था। इन लॉन्चरों को नष्ट करने के साथ ही इजरायल ने ईरान के तीन एडवांस्ड एयर डिफेंस सिस्टम को भी खत्म कर दिया है।
Israel Airstrike on Iran: वीडियो में दिखा मिसाइल लॉन्चर पर हमला
इजरायली सेना द्वारा जारी ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो में दिखाया गया है कि ईरान ने अपने बैलेस्टिक मिसाइल लॉन्चर ट्रकों में छिपाकर रखे थे। वीडियो में एक लॉन्चर ट्रक पर मिसाइल लोड दिखाई देती है और वह मूव कर रहा होता है। इसी दौरान उस पर हवाई हमला किया जाता है और तेज धमाके के साथ पूरा लॉन्चर नष्ट हो जाता है। इस वीडियो को इजरायली सेना ने अपनी सैन्य कार्रवाई का सबूत बताते हुए जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक यह हमला उन लॉन्चरों पर किया गया था जिनसे इजरायल को निशाना बनाया जा रहा था।
इजरायल और अमेरिका ने क्या कहा
इजरायल और अमेरिका के सैन्य अधिकारियों ने कहा है कि हाल के एयरस्ट्राइक में ईरान की मिसाइल क्षमता को बड़ा नुकसान पहुंचाया गया है। हालांकि उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि खतरा अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है और आने वाले दिनों में हमले और तेज हो सकते हैं। इजरायली सेना के चीफ ऑफ स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल इयाल जमीर ने बताया कि अब तक किए गए हमलों में ईरान के करीब 80 प्रतिशत एयर डिफेंस सिस्टम और 60 प्रतिशत मिसाइल लॉन्चर को नष्ट किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि ईरान की सैन्य ताकत को काफी नुकसान हुआ है, लेकिन स्थिति अभी भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुई है।
अमेरिकी B-2 बॉम्बर्स की भी कार्रवाई
अमेरिकी सेंट्रल कमांड के प्रमुख एडमिरल ब्रैड कूपर ने बताया कि अमेरिकी सेना ने भी ईरान के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं। उन्होंने कहा कि गुरुवार रात अमेरिकी B-2 बॉम्बर्स ने कई ठिकानों पर 2000 पाउंड के पेनेट्रेटर बम गिराए। इन हमलों का मुख्य निशाना जमीन के नीचे छिपे बैलेस्टिक मिसाइल लॉन्चर और सैन्य उपकरण थे। अमेरिका ने ईरान की मिसाइल बनाने वाली जगहों को भी टारगेट किया है। रिपोर्ट के अनुसार आने वाले समय में हमले का दूसरा चरण शुरू हो सकता है, जिसमें भूमिगत बंकर और मिसाइल स्टोरेज ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।
मिसाइल लॉन्चर नष्ट होने से क्या असर पड़ेगा?
बैलेस्टिक मिसाइल लॉन्चर किसी भी देश की मिसाइल हमले की क्षमता का अहम हिस्सा होते हैं। इनके नष्ट होने से ईरान की मिसाइल दागने की क्षमता काफी कम हो सकती है। पहले ईरान एक साथ बड़ी संख्या में मिसाइलें लॉन्च कर सकता था, लेकिन अब लॉन्चरों की संख्या घटने से ऐसा करना मुश्किल हो जाएगा। इससे इजरायल के लिए मिसाइलों को रोकना आसान हो सकता है। इजरायल के पास आयरन डोम, डेविड स्लिंग और एरो जैसे मजबूत डिफेंस सिस्टम पहले से मौजूद हैं, जो मिसाइलों को हवा में ही नष्ट करने की क्षमता रखते हैं।
ईरान ने भी किया जवाबी हमला
इजरायल की कार्रवाई के बाद ईरान ने भी जवाबी हमला किया है। शुक्रवार सुबह ईरान ने खाड़ी देशों में मौजूद कुछ ठिकानों को निशाना बनाया, जहां अमेरिकी सेना तैनात है। इसके अलावा ईरान ने इजरायल की ओर भी मिसाइलें दागीं।
इजरायली सेना के मुताबिक कुछ मिसाइलें इजरायल की ओर लॉन्च की गईं, जिन्हें रोकने के लिए डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए हैं।साथ ही इजरायल के होम फ्रंट कमांड ने खतरे वाले इलाकों में लोगों को मोबाइल अलर्ट जारी कर सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। मिडिल ईस्ट में बढ़ते इस संघर्ष ने पूरे क्षेत्र में तनाव और अनिश्चितता को और बढ़ा दिया है।


Download Android App
Download iOS App




