फिलिस्तीन के चरमपंथी समूह हमास ने उन तीन महिला बंधकों के नाम जारी कर दिए जिन्हें वह रविवार को रिहा करने की योजना बना रहा है। बंधकों के नाम जारी करने के साथ ही संघर्ष विराम को लेकर गतिरोध दूर हो गया।
इजराइल ने कहा कि गाजा में संघर्ष विराम स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 15 मिनट पर प्रभावी हो गया है। स्थानीय समयानुसार संघर्ष विराम को सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर प्रभावी होना था लेकिन हमास की ओर से बंधकों की सूची जारी नहीं किए जाने के कारण इसमें लगभग तीन घंटे की देरी हुई। संघर्ष विराम के प्रभावी होते ही युद्ध वाली जगहों पर जश्न मनाया गया और कुछ फिलिस्तीनी अपने घरों की ओर लौटने लगे है।
इससे पहले इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बयान में कहा कि उन्होंने सेना को निर्देश दिया है कि स्थानीय समयानुसार सुबह आठ बजकर 30 मिनट पर प्रभावी होने वाला संघर्ष विराम तब तक प्रभावी नहीं होगा जब तक इजराइल के पास रिहा किए जाने वाले उन बंधकों की सूची नहीं आती, जिसे हमास ने उपलब्ध कराने का वादा किया था। इजराइल की सेना ने कहा कि वह गाजा पट्टी पर हमले जारी रखे हुए है क्योंकि हमास के साथ विवाद के कारण संघर्ष विराम प्रभावी होने में देरी हो रही है।
उधर, संघर्ष विराम में देरी के बाद दक्षिणी शहर खान यूनिस में इजराइली हवाई हमले में कम से कम आठ लोगों की जान चली गई। नासेर अस्पताल ने रविवार के हमले में हताहतों की पुष्टि की, जिसके बारे में उसने कहा कि यह संघर्ष विराम के प्रभावी होने के लगभग दो घंटे बाद हुआ। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को गाजा शहर में हमलों में तीन और मौतों की सूचना दी।


Download Android App
Download iOS App



