Italy Suspends Defence Agreement with Israel : ईरान से जुड़े तनाव के बीच अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नए समीकरण उभरते नजर आ रहे हैं। इस बीच इटली ने इजराइल के साथ अपने पुराने रक्षा समझौते को निलंबित कर दिया है, जिससे दोनों देशों के संबंधों में खटास साफ दिखाई दे रही है।
इटली की प्रधानमंत्री जिओर्जी मेलोनी ने मौजूदा हालात का हवाला देते हुए इस समझौते को रोकने का निर्देश दिया। इटैलियन समाचार एजेंसियों ANSA और AGI के मुताबिक, वेरोना में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में इस समझौते को जारी रखना उचित नहीं है।
2006 का समझौता अब रुका
यह रक्षा समझौता 2006 में दोनों देशों के बीच हुआ था, जिसे हर पांच साल में नवीनीकृत किया जाता था। लेकिन अब इटली की सरकार ने इसे रिन्यू करने के फैसले को निलंबित कर दिया है. इस समझौते के तहत सैन्य उपकरण, तकनीक साझा करना, सैनिकों की ट्रेनिंग और रिसर्च सहयोग जैसे कई पहलू शामिल थे। अब इसे आगे बढ़ाने की प्रक्रिया फिलहाल रोक दी गई है।
दोनों देशों के बीच तनाव तब बढ़ा, जब इटली ने आरोप लगाया कि इजरायली सेना ने लेबनान में संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन का हिस्सा बने इतालवी सैनिकों के काफिले पर फायरिंग की। इस घटना के बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे के राजदूतों को तलब किया, जिससे कूटनीतिक तनाव और बढ़ गया।
इजरायली कार्रवाई की निंदा
इटली के विदेश मंत्री अंटोनियो तजानी ने लेबनान पर इजरायल के हमलों को अस्वीकार्य बताया। उन्होंने बेरूत में जोसेफ आउन और यूसुफ़ रागी से मुलाकात कर स्थिति पर चिंता जताई और इजरायली कार्रवाई की निंदा की।
यह भी पढ़ें – पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था के लिए बढ़ा जोखिम, तेल बाजार में अनिश्चितता और विदेशी मुद्रा मुख्य कारण























