Khawaja Asif Kolkata Threat: भारत से लगातार मुंह की खाने के बाद भी पाकिस्तान सुधरने वाला नहीं है। इसका एक और उदाहरण पाकिस्तान के रक्षा मंत्री, ख्वाजा आसिफ का ताजा बयान है, जिसमें उन्होंने भारत को गीदड़भभकी दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भारत की ओर से किसी भी प्रकार के दुस्साहस की कोशिश का जवाब कोलकाता पर हमले से दिया जाएगा। ख्वाजा आसिफ का यह बयान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की टिप्पणियों के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत अपने पड़ोसी देशों द्वारा किसी भी दुस्साहस का जवाब अभूतपूर्व और निर्णायक तरीके से देगा।
पाकिस्तान का भारत पर फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन का आरोप
शनिवार को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ अपने शहर सियालकोट में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर भारत ने कोई ‘नाटकीय साजिश’ के तहत ऑपरेशन किया, तो पाकिस्तान सीधे कोलकाता तक जाएगा।
ख्वाजा आसिफ ने यह भी दावा किया कि उनके पास जानकारी है कि भारत ऐसी साजिश (फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन) रच रहा है, जिसमें कुछ लाशें रखी जाएंगी और कहा जाएगा कि ये आतंकी थे। हालांकि, उन्होंने ये किया, लेकिन इसका कोई ठोस सबूत नहीं दिया।
भारत ने क्या कहा था?
पाकिस्तान से यह बयान उस समय आया है जब भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हाल ही में चेतावनी दी थी कि किसी भी दुस्साहस का जवाब भारत अभूतपूर्व और निर्णायक तरीके से देगा। सिंह ने पाकिस्तान का नाम लिए बिना भारत के पड़ोसी देशों को कड़ी चेतावनी दी थी और कहा था कि किसी भी दुस्साहस के बाद तुरंत निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
राजनाथ सिंह ने दी थी चेतावनी
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को तिरुवनंतपुरम में ‘सैनिक सम्मान सम्मेलन’ को संबोधित करते हुए कहा कि पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारतीय सैनिकों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान को सिर्फ 22 मिनट में घुटनों पर ला दिया था। यह भारतीय का अब तक का यह सबसे बड़ा ऑपरेशन था, जो आतंकवाद के खिलाफ किया गया। राजनाथ सिंह ने कहा, यह ऑपरेशन अभी तक बंद नहीं हुआ है। अगर सीमा पार से कोई भी गलत हरकत हुई, तो उसका मुंहतोड़ जवाब ही नहीं दिया जाएगा और अभूतपूर्व कार्रवाई की जाएगी।
भारत-पाकिस्तान में बयानबाजी तेज
दोनों देशों के बीच चल रही बयानबाजी से साफ़ हो गया है कि सीमा पर अभी भी तनाव जारी है। यह बयानबाजी ऐसे समय में हो रही है जब पूरा मिडिल ईस्ट पहले ही जंग की आग में जल रहा है, दुनिया भर में तनाव का माहौल है। दोनों परमाणु ताकत वाले देशों के बीच ऐसे बयान पूरी दुनिया को चिंता में डालते हैं।
यह भी पढ़ें: बिहार में विकास पर फिर गरमाई सियासत! तेजस्वी यादव ने नीतीश सरकार को दी खुली बहस की चुनौती























