Lucknow Terror Module: देश में एक बड़ी आतंकी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। हाल ही में उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पकड़े गए संदिग्ध आतंकी साकिब और उसके साथियों के डिजिटल उपकरणों की जांच हुई। इसमें आरोपियों के मोबाइल से मिले ऑडियो मैसेज से कई खुलासे हुए हैं। ऑडियो मैसेज से खुलासा हुआ है कि पाकिस्तानी हैंडलर्स ने इस मॉड्यूल को लखनऊ के भीड़भाड़ वाले इलाकों, खासकर रेलवे स्टेशन पर शाम के वक्त ब्लास्ट करने का टास्क दिया था। वह यूपी समेत दिल्ली, हरियाणा और मुंबई जैसे राज्यों के युवाओं को देश विरोधी गतिविधियों के लिए टेलीग्राम पर ग्रुप्स बनाकर जोड़ रहा था।
Lucknow Terror Module: टेलीग्राम के जरिए तैयार कर रहा था आतंकी नेटवर्क

जांच में खुलासा हुआ है कि संदिग्ध आतंकी साकिब एक आतंक के नेटवर्क को तैयार कर रहा था। उसने टेलीग्राम पर एक दर्जन से भी ज्यादा ग्रुप बनाए थे, जिनके जरिए वह युवाओं को जोड़ने और कट्टरपंथी विचारधारा फैलाने का काम कर रहा था। आरोपियों के मोबाइल फोन से पहलगाम आतंकी हमले और दिल्ली ब्लास्ट से जुड़े कई वीडियो मिले हैं।
दिल्ली जैसा ब्लास्ट कराने की तैयारी
टेलीग्राम पर बनाए गए ग्रुपों में देश विरोधी भड़काऊ वीडियो, पोस्ट और आतंकी घटनाओं से जुड़े कंटेंट शेयर किए जाते थे, ताकि इससे ज्यादा से ज्यादा लोग प्रभावित हो। वह इन वीडियो के जरिए लोगन को भड़काने और आतंकी मानसिकता मजबूत करने की कोशिश कर रहा था। जांच में ये भी पता चला कि ग्रुप में दिल्ली जैसे ब्लास्ट कराने को लेकर भी बातचीत हुई थी।
Lucknow Terror Module: पाकिस्तानी हैंडलर्स से संपर्क

जांच में सामने आया कि दुबई में बैठे आकिब ने साकिब का संपर्क पाकिस्तानी हैंडलर्स से कराया था। इसके बाद उसने अपने लेवल पर टीम बनाना शुरू कर दिया था। साकिब अपने इस नेटवर्क को यूपी के कई शहरों के साथ-साथ दिल्ली, हरियाणा और मुंबई तक फैलाने की कोशिश कर रहा था।
युवकों को बड़ी वारदातों के लिए कर रहा था तैयार
साकिब पहले खुद देश विरोधी गतिविधियों के लिए तैयार किया गया था, उसी तरह अब वह दूसरे युवाओं को भी बड़ी वारदातों के लिए तैयार कर रहा था। एजेंसियों के मुताबिक, उसके बनाए गए ग्रुपों में सैकड़ों लोग जुड़े हुए हैं और अब उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। खुलासा हुआ कि साकिब पंजाब के कई असलहा तस्करों के संपर्क में था और उनके जरिए हथियार खरीदने की तैयारी कर रहा था। इसके अलावा, वह फायरिंग की प्रैक्टिस भी कर रहा था, जिसके सबूत उसके मोबाइल और पूछताछ में मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App




