उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के बन्नू में मंगलवार को एक बड़ा आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए। हमलावरों ने विस्फोटकों से लदे दो वाहनों के जरिए मुख्य छावनी की चाहरदीवारी में घुसने की कोशिश की और विस्फोट कर दिया।
सेना ने छह आतंकवादियों को मार गिराया
इस हमले के तुरंत बाद सेना ने जवाबी कार्रवाई करते हुए कम से कम छह आतंकवादियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह हमला पेशावर से लगभग 200 किलोमीटर दूर खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में हुआ। आतंकियों ने बन्नू छावनी की चाहरदीवारी से टकराकर धमाका किया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
जैश अल फुरसान संगठन ने हमले की ली जिम्मेदारी
आतंकी संगठन जैश अल फुरसान, जो हाफिज गुल बहादुर गुट से जुड़ा है, जैश अल फुरसान संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बता दे कि यह संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के कई गुटों में से एक माना जाता है।
मस्जिद के मलबे से चार शव बरामद
स्थानीय अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, हमले के कारण पास की रिहायशी इमारतों में पांच लोगों के हताहत होने की सूचना है। वहीं, बचाव दल ने बन्नू छावनी की चाहरदीवारी से सटी एक मस्जिद के मलबे से चार शव बरामद किए हैं।
सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान किया तेज
घायलों का इलाज नजदीकी अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान तेज कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App



