केरल के कोल्लम शहर से हाल ही में गिरफ्तार एक व्यक्ति ने अल-कायदा सरगना ओसामा बिन लादेन के नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था और उसकी कार पर लादेन का स्टीकर लगा था। इराविपुरम पुलिस के अनुसार गुरुवार को गिरफ्तार मोहम्मद हनीफ (22) ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने मजाक में अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी सरगना के नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट बनाया था।
सूत्रों ने बताया कि एक नागरिक ने सूचना दी थी कि पश्चिम बंगाल के रजिस्ट्रेशन नंबर डब्ल्यू 6-851 वाली एक निजी कार शहर में घूम रही है। उसने मोबाइल से कार की फोटो खींच कर भी पुलिस को भेजी थी। सूचना के आधार पर पकड़ी गई कार पर ओसामा बिन लादेन का नाम और उसका स्टीकर लगा था।
पूछताछ के दौरान कार चालक ने बताया कि उसने पिल्लामुकु के नजदीक मुंडक्कल के रहने वाले हनीफ से कार को किराये पर लिया था। इसके बाद पुलिस ने हनीफ को गिरफ्तार कर लिया। हनीफ ने बताया कि उसने एक साल पहले पश्चिम बंगाल से यह कार खरीदी थी। जांच के दौरान के मालूम चला कि मोटर विभाग से कार को एनओसी नहीं मिला था।


Download Android App
Download iOS App




