भाजपा और आप के बीच सिर्फ नूरा कुश्ती : कांग्रेस

Summary :

जितेन्द्र कोचर का कहना है कांग्रेस पहले से ही कहती आ रही है कि आप पार्टी BJP की बी टीम है। पार्टी खड़ी ही इसलिए की गई कि वह कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सके।

नई दिल्ली : आप के विधायक अनिल वाजपेयी द्वारा भाजपा में शामिल होने के बाद दिल्ली की राजनीति गरमा गई है। लोकसभा चुनावों के दौरान एक सिटिंग विधायक के इस तरह से भाजपा में शामिल होेने से चुनावी समीकरण प्रभावित होना तय है। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने एक विधायक के भाजपा में शामिल होने को अलग रंग दे दिया है।

कांग्रेस के प्रवक्ता जितेन्द्र कोचर का कहना है कि कांग्रेस पहले से ही कहती आ रही है कि आप पार्टी भाजपा की बी टीम है। यह पार्टी खड़ी ही इसलिए की गई कि वह कांग्रेस को नुकसान पहुंचा सके। शुरू से ही यह देखा जा रहा है कि आप के नेता एक-एक करके भाजपा में जा रहे हैं। भाजपा और आप में कोई कोई न सेटिंग जरूर है। तभी तो किरण बेदी, शाजिया इल्मी भाजपा में शामिल हो गई और कपिल मिश्रा, कुमार विश्वास जैसे नेता भाजपा के सुर में सुर मिला रहे हैं।

आज जो गांधी नगर के विधायक भाजपा में शामिल हुए, यह सिर्फ दोनों के बीच नूरा कुश्ती है। आप के इशारे पर ही आप के विधायक भाजपा में शामिल हो रहे हैं। अगर इसमें आप की सहमति नहीं है तो फिर बागी विधायकों को पार्टी निकाल कर बाहर क्यों नहीं करती, उन्हें साथ-साथ लेकर क्यों चल रही है।

Desk Team