उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव में बेहद गंभीर मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई है। 15 साल की एक नाबालिग बच्ची ने अपने ही मामा और उनके जान पहचान के एक ट्रक ड्राइवर पर कथित रेप के आरोप लगाए हैं। पीड़िता बच्ची के परिजनों का कहना है कि बच्ची को मामा बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि मामा और उसके ड्राइवर दोस्त ने रास्ते में ट्रक के अंदर उसके साथ जबरदस्ती की। जब नाबालिग ने इस घिनौनी हरकत का विरोध किया तो उसके साथ बदतमीजी की और उसे मारा-पीटा गया। इतना ही नहीं साथ में धमकी दी कि किसी को घटना की जानकारी दी तो जान से मार देंगे। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी बच्ची को भगा कर ले जा रहा था तभी वह जान बचाकर ट्रक से नीचे कूद गई।
चलती ट्रक से कूदकर घर पहुंची बच्ची
इस घटना को लेकर परिजनों ने बताया कि कानपुर-सागर हाईवे पर आलियापुर टोल प्लाजा के पास बच्ची जैसे तैसे चलती ट्रक से कूद गई। किसी तरह वह अपना जान बचाकर भागी और अपने घर पहुंची। परिवार को पूरी घटना के बारे में बताई। बेटी की बात सुनने के बाद परिजन परेशान होने के बजाय पास के थाने पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज
वहीं, पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने क़ानूनी कार्रवाई शुरू कर दी और कथित आरोपी मामा और ट्रक चालक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया। क़ानूनी कार्रवाई के तहत दोनों आरोपियों को अरेस्ट कर पूछताछ की जा रही है। वहीं नाबालिग का मेडिकल कराया गया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया है कि जांच में सामने आने वाले सबूतों को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, इस घटना ने रिश्तों को एक बार फिर शर्मसार कर दिया है।


Download Android App
Download iOS App




