NEET पेपर लीक मामले में स्पेशल कोर्ट ने आरोपी शुभम खैरनार को 6 जून तक न्यायिक हिरासत भेजने का दिया आदेश

Summary :

NEET Exam Leak 2026 Update :  NEET पेपर लीक मामले में नया अपडेट आया है. रविवार को दिल्ली की एक विशेष अदालत ने नीट पेपर लीक मामले के आरोपी शुभम खैरनार को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. विशेष न्यायाधीश रुचि अग्रवाल की अदालत ने इस संबंध में सीबीआई की ओर से दाखिल अनुरोध को मंजूरी दे दी. 14 मई को अदालत में हुई थी सुनवाई इससे पहले 14 मई को अदालत ने टिप्पणी की थी कि मामले में आरोपियों की भूमिका एक ऐसे संगठित गिरोह से जुड़ी दिखाई देती है, जो पैसे लेकर गोपनीय परीक्षा…

NEET Exam Leak 2026 Update :  NEET पेपर लीक मामले में नया अपडेट आया है. रविवार को दिल्ली की एक विशेष अदालत ने नीट पेपर लीक मामले के आरोपी शुभम खैरनार को 6 जून तक न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया. विशेष न्यायाधीश रुचि अग्रवाल की अदालत ने इस संबंध में सीबीआई की ओर से दाखिल अनुरोध को मंजूरी दे दी.

14 मई को अदालत में हुई थी सुनवाई

NEET Exam Leak 2026 Update
NEET Exam Leak 2026 Update

इससे पहले 14 मई को अदालत ने टिप्पणी की थी कि मामले में आरोपियों की भूमिका एक ऐसे संगठित गिरोह से जुड़ी दिखाई देती है, जो पैसे लेकर गोपनीय परीक्षा प्रश्नपत्र लीक करने में शामिल था. इसके बाद शुभम खैरनार समेत पांच आरोपियों को सात दिन की सीबीआई हिरासत में भेजा गया था.

जांच एजेंसी ने अदालत को बताया था कि मामले में आगे पूछताछ जरूरी है, ताकि उन अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की जा सके, जिन्हें खैरनार ने कथित तौर पर नीट-यूजी का प्रश्नपत्र बेचा था. बाद में अदालत ने 20 मई को उसकी सीबीआई हिरासत पांच दिन के लिए और बढ़ा दी थी.

सीबीआई की दलील

NEET Exam Leak 2026 Update
NEET Exam Leak 2026 Update (source : social media)

सीबीआई का कहना था कि इस बड़े पेपर लीक नेटवर्क और प्रश्नपत्र लीक के मूल स्रोत तक पहुंचने के लिए विस्तृत जांच आवश्यक है. एजेंसी ने अदालत को बताया था कि आरोपियों को महाराष्ट्र के नासिक सहित देश के कई हिस्सों में ले जाकर जांच करनी पड़ सकती है. जांच एजेंसी के अनुसार, खैरनार से उन जगहों की पहचान के लिए भी पूछताछ की जानी थी, जहां कुछ अभ्यर्थियों को कथित रूप से प्रश्नपत्र उपलब्ध कराए गए थे.

इसी बीच अदालत से जुड़े सूत्रों ने जानकारी दी कि पुणे की फिजिक्स शिक्षिका मनीषा संजय हवलदार फिलहाल ट्रांजिट रिमांड पर हैं। संभावना है कि उन्हें सोमवार को संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई ने हवलदार को शुक्रवार को गिरफ्तार किया था।

अन्य 5 आरोपी भी होंगे पेश

सूत्रों के मुताबिक, मामले के पांच अन्य आरोपियों को भी 25 मई को सीबीआई हिरासत समाप्त होने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा. अब तक सीबीआई इस मामले में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है. मेडिकल कॉलेजों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 3 मई को आयोजित नीट-यूजी 2026 परीक्षा को पेपर लीक के आरोप सामने आने के दो दिन बाद रद्द कर दिया गया था. बाद में केंद्र सरकार ने पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी सीबीआई को सौंप दी थी।.

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।