Noida: इंटरनेशनल फिल्म सिटी परियोजना को मिली नई रफ्तार, अपॉइंटेड डेट घोषित

Summary :

फिल्मिंग सुविधाएं और फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना की जाएगी

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने इंटरनेशनल फिल्म सिटी परियोजना के लिए ‘अपॉइंटेड डेट’ घोषित कर दी है, जिससे निर्माण का औपचारिक रास्ता साफ हो गया है। बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड को पहले चरण के तहत स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसमें फिल्मिंग सुविधाएं और फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना होगी।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने बहुप्रतीक्षित इंटरनेशनल फिल्म सिटी परियोजना को लेकर एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्राधिकरण ने सोमवार को इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए ‘अपॉइंटेड डेट’ निर्धारित कर दी है। इसके साथ ही फिल्म सिटी के निर्माण का औपचारिक रास्ता अब पूरी तरह साफ हो गया है। यमुना प्राधिकरण द्वारा जारी पत्र के अनुसार, बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड को इंटरनेशनल फिल्म सिटी के पहले चरण के तहत भूखंड संख्या आईएफसी -01 पर निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस चरण में फिल्मिंग सुविधाएं और फिल्म इंस्टीट्यूट की स्थापना की जाएगी, जिसके लिए संबंधित भवन मानचित्र भी स्वीकृत कर दिए गए हैं। यह स्वीकृति सोमवार को प्रदान की गई, जो अब ‘अपॉइंटेड डेट’ मानी जाएगी।

यह फिल्म सिटी यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के पास विकसित की जा रही है। परियोजना का उद्देश्य भारत को विश्वस्तरीय फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में स्थापित करना है। फिल्म सिटी में अत्याधुनिक शूटिंग स्टूडियो, पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं, प्रशिक्षण संस्थान और अन्य तकनीकी ढांचे विकसित किए जाएंगे। बेव्यू भूटानी फिल्म सिटी प्राइवेट लिमिटेड को इस परियोजना का कार्य निष्पादन सौंपा गया है, और अब अपॉइंटेड डेट घोषित होने के बाद उन्हें निर्धारित समयसीमा में निर्माण कार्य शुरू करना होगा। समझौते की शर्तों के अनुसार, इसी तिथि से अनुबंध की शेष अवधि की गणना की जाएगी। यमुना अथॉरिटी के विशेष कार्याधिकारी शैलेन्द्र कुमार भाटिया द्वारा हस्ताक्षरित इस आदेश के अनुसार, अब परियोजना पर तेजी से काम होने की उम्मीद है।

नोएडा-गुरूग्राम जाने वालों को मिलेगी ट्रैफिक से राहत, दिल्ली में बन रही दो अंडरग्राउंड टनल

यह परियोजना न सिर्फ फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक नया केंद्र बनेगी, बल्कि क्षेत्रीय आर्थिक विकास, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप के प्रतिनिधि की मौजूदगी में यमुना अथॉरिटी के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने इस पत्र को उन्हें सौंपा है। फिल्म सिटी के पहले चरण के सफल क्रियान्वयन के बाद इसका विस्तार आगामी चरणों में किया जाएगा, जिसमें इंटरनेशनल स्टूडियोज, फिल्म संग्रहालय, ओपन थिएटर और फिल्म मेले जैसी सुविधाओं को शामिल किया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.