पद्मश्री बाबा शिवानंद का शनिवार को वाराणसी में निधन हो गया। 129 वर्ष की आयु में बाबा ने अंतिम सांस ली। योग और अनुशासित जीवन के लिए मशहूर बाबा शिवानंद को 2022 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।
उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी पद्मश्री बाबा शिवानंद महाराज का निधन हो गया। शनिवार 3 मई को वाराणसी के सर सुंदर लाल अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। बाबा शिवानंद की उम्र 129 वर्ष बताई जा रही है, वे वाराणसी के कबीर नगर के निवासी थे। वे अपनी लंबी आयु के साथ-साथ अपने योग और दिनचर्या के लिए पूरे देश में जाने जाते थे। बाबा शिवानंद महाराज को वर्ष 2022 में तत्कालीन राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पद्मश्री से सम्मानित किया था। पद्मश्री पुरस्कार लेते समय पीएम को नमन करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। सीएम ने जताया दुख मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर शोक जताया।
उन्होंने सोशल मीडिया साइट एक्स पर लिखा- ‘योग’ के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान देने वाले काशी के प्रख्यात योग गुरु ‘पद्मश्री’ स्वामी शिवानंद जी का निधन अत्यंत दुखद है। उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! उन्होंने लिखा कि आपकी साधना और योग जीवन पूरे समाज के लिए एक बड़ी प्रेरणा है। आपने अपना पूरा जीवन योग के विस्तार के लिए समर्पित कर दिया। मैं बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को सद्गति प्रदान करें तथा उनके शोकाकुल अनुयायियों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति!
उपमुख्यमंत्री ने भी जताया शोक
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी बाबा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा- काशी के प्रख्यात योग गुरु ‘पद्मश्री’ स्वामी शिवानंद जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका तपस्वी जीवन तथा योग को समर्पित साधना सम्पूर्ण समाज के लिए प्रकाशपुंज रही है। उन्होंने योग के प्रचार-प्रसार को अपने जीवन का लक्ष्य बनाया था, तथा स्वयं को पूर्णतः इसके लिए समर्पित कर दिया था। मैं बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करता हूं कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा उनके असंख्य अनुयायियों को इस गहन दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ओम शांति:
बाबा का जन्म बंगाल में हुआ था
अपनी दीर्घायु के साथ-साथ योग पद्धति के लिए विख्यात बाबा शिवानंद के परिवार से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 मई को काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सर सुंदर दास अस्पताल में उपचार के दौरान उनका निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ थे। बंगाल के रहने वाले बाबा शिवानंद का जन्म 1896 में हुआ था। वे बहुत छोटी उम्र से ही योग करते थे। कहते हैं कि संतुलित आहार और अनुशासित दिनचर्या की वजह से उन्होंने लंबी आयु हासिल की और इतना ही नहीं, 125 साल से ज्यादा उम्र होने के बावजूद वे ब्रह्म मुहूर्त में उठकर नियमित योग करते थे। साल 2022 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
‘One Nation, One Election’ के लिए नोएडा में ऐतिहासिक दौड़, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा


Download Android App
Download iOS App




