PM मोदी 31 मई को भोपाल में महिला सम्मेलन में होंगे शामिल, तैयारी में जुटी सरकार

Summary :

महिला सम्मेलन में पीएम मोदी की सहभागिता

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल में महिला सम्मेलन में शामिल होंगे, जो अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को निर्देश दिए। इस कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा।

होलकर राजवंश की अहिल्याबाई की 300वीं जयंती पर मध्य प्रदेश में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। भोपाल में महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम और महिला सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हिस्सा लेने वाले हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास के समत्व भवन में अधिकारियों की एक बैठक में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मध्य प्रदेश प्रवास की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों को सभी आवश्यक तैयारियां और व्यवस्थाएं समयबद्ध और समुचित रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बताया गया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 मई को भोपाल में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती पर आयोजित महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम और महिला सम्मेलन में सहभागिता करेंगे।

मध्य प्रदेश सरकार खरीदेगी किसानों से श्रीअन्न: CM मोहन यादव

पीएम मोदी के इसी प्रवास को लेकर मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती समारोह के आयोजन को लेकर गठित समिति की बैठक संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि देवी अहिल्याबाई का धर्मनिष्ठ जीवन, जनसेवा, सुशासन और राजधर्म की मर्यादा, हमारे शासन की पथप्रदर्शक है। हमारी सरकार ने इस ऐतिहासिक वर्ष को प्रदेशभर में जनभागीदारी से व्यापक स्तर पर मनाते हुए, उनके कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया है।

मध्य प्रदेश सरकार 20 मई को अहिल्या माता के 300वें जयंती वर्ष के समापन अवसर पर उनके जीवन मूल्यों एवं आदर्शों को समर्पित राजवाड़ा इंदौर में कैबिनेट बैठक का आयोजन करने जा रही है, जहां प्रदेश के विकास एवं लोककल्याण से संबंधित विभिन्न निर्णय लिए जाएंगे। राज्य में देवी अहिल्याबाई पर केंद्रित कार्यक्रमों के आयोजन पर सरकार का जोर है। मंत्रिमंडल की 20 मई को इंदौर में बैठक हो रही है। इससे पहले मंत्रिमंडल के सदस्य इंदौर के सर्राफा बाजार में जाएंगे और वहां के खानपान का आनंद लेंगे।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.