Police Encounter in Surajpur: ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पुलिस और बाइक सवार बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
Police Encounter in Surajpur: वाहन चेकिंग के दौरान बढ़ा मामला
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सूरजपुर थाना पुलिस मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर गोली चला दी और जंगल की ओर भागने लगे।

Surajpur Crime News: भागते समय बाइक फिसली
पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। भागने के दौरान उनकी बाइक फिसलकर सड़क पर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश जंगल की ओर पैदल भागने लगे और पुलिस पर दोबारा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद वे वहीं गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
Greater Noida News: घायल बदमाशों की पहचान
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान सिराजुद्दीन उर्फ गुड्डू निवासी ग्राम आचरू कलां, थाना शिकारपुर, जिला बुलंदशहर और मयंक शर्मा निवासी ग्राम खेड़ा, थाना पिलखुआ, जिला हापुड़ के रूप में हुई है। दोनों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

हथियार और चोरी का सामान बरामद
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा नवादा मंदिर से चोरी किए गए 20,700 रुपये नकद, तिलपता गांव से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन, 2,165 रुपये अतिरिक्त नकद, एक काला बैग, दो आधार कार्ड, ताला तोड़ने के औजार और एक चोरी की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
मंदिरों और रिहायशी इलाकों को बनाते थे निशाना
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी मंदिरों और रिहायशी इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। ये पहले इलाके की रेकी करते थे और फिर मौका देखकर चोरी करते थे। रात के समय या सुनसान इलाकों को ये अपना मुख्य निशाना बनाते थे।

दर्जनों मामलों में दर्ज हैं नाम
डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि दोनों बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनके खिलाफ नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद समेत कई जिलों में चोरी, लूट और अन्य आपराधिक मामलों के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस इनके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटा रही है।
पुलिस की कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप
इस मुठभेड़ के बाद इलाके में पुलिस की सक्रियता और बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।


Download Android App
Download iOS App




