पोटैशियम से भरपूर आहार से घट सकता है हाई ब्लड प्रेशर, शोध में दावा

Summary :

पोटैशियम की मात्रा बढ़ाकर ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करें: शोध

पोटैशियम से भरपूर केले और ब्रोकली जैसे फलों और सब्जियों का सेवन करने से हाई ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद मिल सकती है। कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ वाटरलू के वैज्ञानिकों के अध्ययन के अनुसार, पोटैशियम की मात्रा बढ़ाकर और सोडियम की मात्रा घटाकर ब्लड प्रेशर को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।

केले या ब्रोकली जैसे पोटैशियम से भरपूर फल और सब्जियां खाने से हाई ब्लड प्रेशर (उच्च रक्तचाप) को कम करने में मदद मिल सकती है। एक अध्ययन के अनुसार, दुनिया भर में 30 प्रतिशत से अधिक वयस्क हाई ब्लड प्रेशर से पीड़ित हैं।

 ब्रोकली

हाई ब्लड प्रेशर दिल की बीमारी, स्ट्रोक (लकवे), किडनी की बीमारी, दिल की धड़कनों में गड़बड़ी और याददाश्त कम होने जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।

कनाडा की यूनिवर्सिटी ऑफ वाटरलू के वैज्ञानिकों ने पाया कि खाने में पोटेशियम की मात्रा बढ़ाकर और नमक (सोडियम) की मात्रा घटाकर ब्लड प्रेशर को बेहतर ढंग से कंट्रोल किया जा सकता है।

वाटरलू विश्वविद्यालय में कंप्यूटर विज्ञान, फार्मेसी और जीव विज्ञान की प्रोफेसर अनीता लेटन ने कहा, “आमतौर पर हमें कम नमक खाने की सलाह दी जाती है, लेकिन हमारा अध्ययन बताता है कि केले या ब्रोकली जैसे पोटैशियम से भरपूर खाद्य पदार्थ खाने से ब्लड प्रेशर पर और भी अच्छा असर पड़ सकता है।”

शोधकर्ताओं ने कहा कि पुराने समय में इंसान ज्यादा फल और सब्जियां खाते थे, जिससे शरीर इस तरह की डाइट के हिसाब से ढल गया था – जिसमें पोटैशियम ज्यादा और सोडियम कम होता था। लेकिन आज के पश्चिमी खानपान में नमक ज्यादा और पोटेशियम कम होता है। शायद इसी कारण विकसित देशों में हाई ब्लड प्रेशर ज्यादा पाया जाता है, जबकि दूरदराज के इलाकों में यह कम होता है।

त्वचा से लेकर पाचन तक, शीशम के अद्भुत लाभ

पोटैशियम का सेवन बढ़ाने से ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने में कैसे मदद मिल सकती है, यह समझने के लिए टीम ने एक गणितीय मॉडल भी बनाया। अध्ययन में यह भी पाया गया कि पुरुषों को महिलाओं की तुलना में हाई ब्लड प्रेशर जल्दी हो जाता है, लेकिन पोटैशियम की मात्रा बढ़ाने पर पुरुषों को ज्यादा फायदा होता है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.