गर्भवती बेटी की हत्या, नालासोपारा में मां गिरफ्तार, छोटी बहन सुधार गृह भेजी गई

Summary :

गर्भवती बेटी की हत्या में मां गिरफ्तार, छोटी बहन हिरासत में

नालासोपारा इलाके में एक युवती (20) की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी म‍िली है। पुलिस ने हत्या की गुत्थी को सुलझाते हुए मृतका की मां को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, हत्या में मां की मदद करने के आरोप में उसकी नाबाल‍िग छोटी बेटी को हिरासत में लिया गया है। उसे सुधार गृह भेज दिया गया है।

दरअसल, गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि नालासोपारा इलाके में एक युवती की मौत हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो मृतका की मां ममता दुबे ने पुलिस को बताया कि बेटी को अचानक पेट में दर्द उठा, इलाज के लिए जब तक अस्पताल ले जाते मौत हो गई। अस्मिता (20) अपने परिवार के साथ नालासोपारा पश्चिम इलाके में रहती थी।

पुलिस ने ममता दुबे कि शिकायत पर शव को कस्टडी में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि अस्मिता की मौत दर्द उठने से नहीं, बल्कि गला घोंटने से हुई थी।

नालासोपारा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक विशाल वालवी ने इसकी पुष्टि की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृतका की मां से पूछताछ की गई तो उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बताया कि उसकी बेटी की उम्र महज 20 साल थी। अभी उसकी शादी भी नहीं हुई थी। लेकिन, उसे पता चला कि वह गर्भवती है। इसलिए गुस्से में आकर पीट-पीटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के दौरान छोटी बेटी ने साथ दिया। हत्या के दौरान युवती का पिता घर पर नहीं था। लेकिन वह भी पुलिस के शक के घेरे में है।

नाबालिग बेटी को हिरासत में लेकर उसे सुधार गृह भेज दिया गया है। पुलिस के सामने अब यह पता लगाना चुनौती है कि अस्मिता गर्भवती कैसे हुई। पुलिस के द्वारा उसके कॉल डिटेल और मैसेज व्हाट्सएप चैट खंगाले जा रहे है। मृतका के दोस्तों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.