Recruit oath Ceremony Uttar Pradesh : 2025 बैच के पुलिस आरक्षियों के दीक्षांत परेड समारोह में आज योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान महिला आरक्षियों ने मजबूती, अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उन्होंने यह भी कहा कि “जितना अधिक पसीना प्रशिक्षण में बहेगा, उतना ही कम खून बहाना पड़ेगा” और पुलिस को अपराधियों के लिए कठोर तथा आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए।
पुलिस प्रशिक्षण और कानून-व्यवस्था पर जोर

सीएम ने बताया कि राज्य में पुलिस प्रशिक्षण, सुविधाओं और बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार हुआ है। 2017 के बाद बड़े स्तर पर भर्ती, प्रमोशन और आधुनिक ट्रेनिंग सिस्टम लागू किए गए हैं। साइबर क्राइम से निपटने, फॉरेंसिक जांच और एटीएस को अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग देने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने दावा किया कि यूपी में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है, अपराधियों में भय बढ़ा है और पुलिस का मनोबल ऊंचा हुआ है। ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिला सुरक्षा को बढ़ावा मिला है और पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी 36% से अधिक हो गई है।
पुरस्कार वितरण और परेड कमांडर

इस मौके पर आरक्षियों का हौसला बढ़ाया गया और पुरस्कार वितरण भी किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने आरक्षियों को शपथ दिलाई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्मृति चिह्न भेंट किया। दीक्षांत परेड में मुख्यमंत्री के हाथों पुरस्कार पाकर आरक्षियों का उत्साह बढ़ा।
- परेड कमांडर प्रथम – महिला रिक्रूट आरक्षी नेहा यादव
- परेड कमांडर द्वितीय – महिला रिक्रूट आरक्षी रिया सिंह कुशवाहा
- परेड कमांडर तृतीय – महिला रिक्रूट आरक्षी कुमारी सोनम
- अंतः विषय टॉपर (समग्र कोर्स) – कुमारी नेहा यादव
- वाह्य विषय टॉपर (समग्र कोर्स) – कुमारी सोनम
- सर्वांग सर्वोत्तम पुरस्कार – कुमारी नेहा यादव






















