Sehore Medical Negligence Scissors Case: मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के भैरुंदा क्षेत्र से स्वास्थ्य व्यवस्था की लापरवाही का एक मामला सामने आया है। यहां नसबंदी ऑपरेशन के बाद एक महिला की मौत हो गई और अंतिम संस्कार के बाद चिता की राख से सर्जिकल उपकरण मिलने का दावा किया गया। स्वजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने औजार महिला के पेट में ही छोड़ दिया था, जिससे संक्रमण फैला और महिला की जान चली गई। घटना के बाद से प्रशासनिक स्तर पर जांच शुरू कर दी गई है।
भैरुंदा क्षेत्र के ग्राम सिंहपुर निवासी नवल सिंह बारेला के अनुसार, 12 जनवरी की सुबह उनकी पत्नी शिवानी को नसबंदी ऑपरेशन के लिए सिविल अस्पताल भैरूंदा में भर्ती कराया गया था। दोपहर को करीब तीन बजे डॉक्टर ने ऑपरेशन किया। स्वजनों का आरोप है कि उसी रात करीब 10 बजे अस्पताल प्रबंधन ने शिवानी को ये कहकर घर भेज दिया कि अन्य मरीज भी जा चुके हैं।
Bherunda Government Hospital Case: ऑपरेशन के बाद तेज रक्तस्राव

परिजनों के मुताबिक, अस्पताल से घर पहुंचते ही शिवानी को तेज रक्तस्राव होने लगा। 13 जनवरी को उसे फिर सिविल अस्पताल भैरुंदा ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर बताकर जिला अस्पताल सीहोर रेफर कर दिया गया। वहां भी सुधार नहीं होने पर 14 जनवरी को उसे भोपाल के एक प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया।
भोपाल से सामने आई डॉक्टरों की लापरवाही

भोपाल में इलाज के दौरान शिवानी को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि नसबंदी ऑपरेशन के दौरान महिला की आंत काट गई थी, जिससे संक्रमण फैल गया और शरीर में जहर फैलने की स्थिति बन गई। इलाज शुरू किया गया लेकिन शिवानी को बचा नहीं सके और उसकी मौत हो गई।
अस्पताल में परिजनों का हंगामा
महिला की मौत से गुस्साए परिजन शव लेकर सिविल अस्पताल भैरुंदा पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। अधिकारियों की समझाइश के बाद स्थिति थोड़ी नियंत्रित हुई और अगले दिन महिला का अंतिम संस्कार किया गया।
Surgical Scissors in Funeral Ashes Sehore: चिता की राख से उपकरण मिलने का दावा

अंत्येष्टि के बाद अस्थि संचय के दौरान स्वजनों को चिता की राख में से कैंची जैसी चिमटी (फोरसेप्स) मिलने का दावा किया गया। पति नवल सिंह का कहना है कि यही उपकरण ऑपरेशन के दौरान पेट में रह गया था, जिससे उसकी पत्नी की तबियत बिगड़ी और अंततः उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद डॉक्टर का तबादला

ये मामला सामने आने के बाद प्रशासन ने संबंधित डॉक्टर का स्थानांतरण कर दिया है। सिविल अस्पताल भैरुंदा के प्रभारी बीएमओ डॉ. प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि महिला की नसबंदी ऑपरेशन दूरबीन पद्धति से किया गया था, जिसमें सामान्य तौर पर इस तरह के उपकरण का उपयोग नहीं होता। पूरे मामले की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Download Android App
Download iOS App




