उत्तर प्रदेश: हरदोई में नाव पलटने से सात लोग डूबे, चार बचाए गए

Summary :

तेज धारा में नाव असंतुलित, तीन बच्चों की तलाश जारी

हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र में रामगंगा नदी में नाव पलटने से एक परिवार के सात लोग तेज धारा में बह गए। स्थानीय लोगों ने चार लोगों को बचा लिया, लेकिन तीन बच्चे अब भी लापता हैं। प्रशासन ने गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश शुरू कर दी है।

उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र में सोमवार को रामगंगा नदी में एक बड़ा हादसा हुआ। नदी पार फसल देखने गए एक ही परिवार के सात लोग नदी की तेज धारा में अचानक बह गए। स्थानीय लोगों की मदद से चार लोगों को बचा लिया गया, लेकिन तीन बच्चे अब भी लापता हैं। दिवारी लाल और बलराम फेरे के परिवार रामगंगा नदी के पार अपने खेत में तरबूज और खरबूज की खेती करते हैं। हर दिन की तरह वह सोमवार को भी नाव के जरिए नदी पार कर खेत से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कुंडा नदी की तेज धारा में नाव असंतुलित हो गई और उसमें सवार सभी लोग नदी में गिर गए। हादसे के बाद दिवारी लाल, सुमन, निर्मल और काजल को वहां मौजूद लोगों ने बाहर निकाल लिया।

यूपी के 50 जिलों में बारिश का अलर्ट, 14 मई से लू का खतरा

लेकिन, बलराम फेरे का 14 वर्षीय बेटा शिवम, आठ वर्षीय बेटी सुनैना और उसकी 13 वर्षीय भांजी सोनिका का कोई पता नहीं चला। इन तीनों के नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। गोताखोरों की मदद से बच्चों की तलाश की जा रही है।

मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं और बचाव कार्य में सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। अब तक कोई शव बरामद नहीं हुआ है। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजन बच्चों की सलामती के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.