विपक्ष की हर चर्चा का तथ्यात्मक जवाब देंगे: सीएम योगी आदित्यनाथ

Summary :

उत्तर प्रदेश के विकास पर चर्चा को तैयार सरकार: सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बजट सत्र (2025-26) प्रारंभ होने के पहले मीडिया से बातचीत की। उन्होंने विपक्ष को आईना दिखाते हुए कहा कि हम उम्मीद करते हैं कि हार की हताशा से परेशान विपक्ष अपनी खुन्नस को सदन पर नहीं उतारेगा, बल्कि सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से संचालित करने में सकारात्मक योगदान करेगा। सीएम ने कहा कि अभिभाषण व बजट महत्वपूर्ण मुद्दे होते हैं, जिसमें विपक्ष ही नहीं, बल्कि सदन का हर सदस्य अपनी बात को प्रभावी ढंग से रख सकता है।

इसके अलावा भी विपक्ष जिस मुद्दे पर चर्चा करना चाहेगा, सरकार उसका तथ्यात्मक जवाब देने के लिए पूरी तौर पर तैयार है। हम चाहते हैं कि सदन सार्थक चर्चा का मंच बनना चाहिए। आरोप-प्रत्यारोप या फिर असंसदीय आचरण से समस्या का समाधान नहीं हो सकता है। सीएम योगी ने कहा कि उम्मीद करता हूं कि महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण से सुदृढ़ व मर्यादित आचरण की शुरुआत हम लोग विपक्ष के अंदर देखने का प्रयास करेंगे। उम्मीद करेंगे कि विपक्ष समेत सभी सदस्यगण सदन में ऐसा आचरण दिखाएंगे, जिससे लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आमजन की आस्था को और सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी।

सीएम ने बजट सत्र में उत्तर प्रदेश विधानमंडल की कार्यवाही प्रारंभ होने पर सभी सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने विधानमंडल की कार्यवाही में आए सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्यों में महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण से इस सत्र की शुरुआत होती है। इसी सत्र के दौरान वर्ष भर के लिए राज्य सरकार का बजट भी पारित होता है।

अन्य विधायी कार्यों के साथ ही जनहित व राज्य के विकास से जुड़े हुए महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी सदन में चर्चा होती है। आज विधानमंडल की कार्यवाही प्रारंभ होने के साथ ही महामहिम राज्यपाल का महत्वपूर्ण अभिभाषण भी होगा। इसके उपरांत कल से महामहिम राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में चर्चा भी होगी। 20 फरवरी को वर्ष 2025-26 का यूपी का सामान्य बजट सदन में प्रस्तुत होगा। सदन 18 फरवरी से 5 मार्च तक प्रस्तावित किया गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.