संस्कृत प्रचार में जुटी योगी सरकार, युवाओं को मिलेगा प्रोत्साहन

Summary :

संस्कृत के उत्थान के लिए राज्य स्तर पर होगी प्रतिभाओं की तलाश

संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने का योगी सरकार का संकल्प साकार हो रहा है। युवाओं और छात्रों में संस्कृत के प्रति अनुराग जागृत करने, संस्कृत के प्रचार-प्रसार, संवर्धन व संरक्षण के लिए भी निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में युवा प्रतिभाओं को योगी सरकार फिर राज्य स्तर पर पहचान दिलाएगी।

संस्कृत प्रतिभा खोज और संस्कृत अध्ययन प्रोत्साहन वृत्ति के तहत युवाओं को इससे जोड़ा जाएगा। इसमें दो वर्ग कक्षा छह से 12 और स्नातक-स्नातकोत्तर के विद्यार्थी संस्कृत में अपना कौशल दिखा सकेंगे।

संस्कृत के उत्थान के लिए जनपद से लेकर राज्य स्तर तक युवा प्रतिभाओं की तलाश होगी। इसके लिए संस्कृत प्रतिभा खोज परीक्षा कराई जाएगी। जनपद स्तर पर यह परीक्षा 5 से 31 जुलाई तक होगी। ऑनलाइन परीक्षा 20 जुलाई से 31 जुलाई तक होगी।

मंडल स्तर पर 5 अगस्त से 13 अगस्त (ऑनलाइन परीक्षा 10 सितंबर से 20 सितंबर) तक होगी। इसके बाद राज्य स्तरीय परीक्षा भी होगी।

POK को भारत में शामिल करना ही आतंकवाद का अंत: प्रियंका चतुर्वेदी

संस्कृत प्रतिभा खोज दो वर्गों में होगी। प्रथम वर्ग कक्षा 6 से 12 तक होगा। द्वितीय वर्ग के तहत स्नातक-स्नातकोत्तर के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। वर्ग क में संस्कृत गीत, संस्कृत सामान्य ज्ञान, श्लोकान्त्याक्षरी, अष्टाध्यायी कंठस्थ पाठ, अमरकोश कंठस्थ पाठ, लघुसिद्धांतकौमुदी कंठस्थ पाठ और तर्क संग्रह कंठस्थ पाठ होगा। वर्ग ख में संस्कृत सामान्य ज्ञान, संस्कृत भाषण और श्रुतलेखन होगा।

उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान के पूर्व अध्यक्ष डॉ. वाचस्पति मिश्र ने बताया कि युवाओं को संस्कृत से निरंतर जोड़ा जा रहा है। इस वर्ष भी परीक्षा के माध्यम से युवाओं के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारा जाएगा। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को पुरस्कृत भी किया जाएगा। राज्य स्तर पर विजेता को 11,000 रुपए, द्वितीय पुरस्कार विजेता को 7,000 और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 5,000 रुपए पुरस्कार स्वरूप प्रदान किए जाएंगे। साथ ही तीन सांत्वना पुरस्कार प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को तीन-तीन हजार रुपए दिए जाएंगे।

इसके साथ ही जनपद और मंडल स्तर पर भी विजेताओं को पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। हर प्रतिभागी को प्रमाण पत्र, मंडल-राज्य स्तर पर स्मृति चिह्न और यात्रा भत्ता दिया जाएगा। इसमें प्रतिभाग करने के इच्छुक प्रतिभागी upsanskritpratibhakhoj.com पर संपूर्ण जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.