अयोध्या के 6 प्रमुख द्वारों पर पर्यटक सुविधाओं का विकास करेगी योगी सरकार

Summary :

6 प्रवेश द्वार के समीप पर्यटक सुविधा केंद्रों का निर्माण होगा

योगी सरकार अयोध्या के 6 प्रमुख द्वारों पर पर्यटक सुविधाओं का विकास करेगी। श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, हनुमान, गरुड़ और जटायु द्वारों के गेट कॉम्पलेक्स के रूप में निर्माण के साथ-साथ, पर्यटक केंद्र, फूड कोर्ट, होटल, और अन्य सुविधाओं का निर्माण होगा। इस परियोजना का उद्देश्य अयोध्या आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना है।

उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए प्रतिबद्ध योगी सरकार अयोध्या समेत प्रदेश के सभी धार्मिक पर्यटन स्थलों को सर्वोत्कृष्ट सुविधाओं से युक्त करने की दिशा में कार्य कर रही है। इसी कड़ी में सरकार प्रभु श्रीराम की राजधानी और सनातन सप्त पुरियों में विख्यात अयोध्या धाम में पर्यटक सुविधाओं में इजाफा करने जा रही है। सीएम योगी के विजन अनुसार, अयोध्या के 6 प्रमुख प्रवेश द्वारों को उत्तम पर्यटक सेवाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बनाने की तैयारी है। प्रक्रिया के अंतर्गत श्रीराम, लक्ष्मण, भरत, हनुमान, गरुड़ और जटायु द्वारों का गेट कॉम्पलेक्स के रूप में निर्माण व विकास होगा। इन सभी 6 प्रवेश द्वार के समीप पर्यटक सुविधा केंद्रों का निर्माण होगा।

इसके अतिरिक्त, बजट होटल, यात्री निवास, पर्यटक केंद्र व पर्यटन कार्यालय का विकास होगा। वहीं, आर्ट एंड क्राफ्ट गैलरी, फूड कोर्ट, कैफेटेरिया, रेस्तरां, एंफीथिएटर, मल्टीलेवल पार्किंग, हरित क्षेत्र, ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी कई सुविधाओं का निर्माण व विकास किया जाएगा, जो पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का माध्यम बनेंगे। इस विषय में उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने खाका तैयार कर लिया है, जिसके आधार पर सभी निर्धारित निर्माण व विकास कार्यों की पूर्ति में तेजी लाई जाएगी।

वहीं, लखनऊ रोड पर बनने वाले श्रीराम द्वार पर पर्यटक सुविधा केंद्र परिसर का प्रसार 4.91 हेक्टेयर में होगा। जबकि, गोंडा रोड पर बनने वाले लक्ष्मण द्वार पर पर्यटक सुविधा केंद्र का प्रसार 4.5 हेक्टेयर, सुल्तानपुर रोड पर बनने वाले भरत द्वार पर पर्यटक सुविधा केंद्र का प्रसार 2.04 हेक्टेयर, गोरखपुर रोड पर बनने वाले हनुमान द्वार पर पर्यटक सुविधा केंद्र का प्रसार 3.59 हेक्टेयर तथा रायबरेली रोड पर बनने वाले गरुड़ द्वार पर पर्यटक सुविधा केंद्र का निर्माण व विकास 4.98 हेक्टेयर प्रसार क्षेत्र में किया जाएगा।

हिसार-अयोध्या फ्लाइट को PM मोदी ने दिखाई हरी झंडी, हरियाणा के विकास को नई ऊंचाई

योजना के अनुसार, गेट कॉम्पलेक्स के समीप पर्यटक सुविधा केंद्रों के निर्माण से अयोध्या आने वाले पर्यटकों को विश्वस्तरीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। यहां 3 स्टार, 2 स्टार और बजट होटल, यात्री निवास, पर्यटक केंद्र, पर्यटन कार्यालय, आर्ट एंड क्राफ्ट गैलरी, फूड कोर्ट, कैफेटेरिया, रेस्तरां, एंफीथिएटर, मल्टीलेवल पार्किंग, हरित क्षेत्र, ईवी चार्जिंग स्टेशन जैसी कई सुविधाओं का निर्माण और विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, टॉयलेट ब्लॉक्स, डब्ल्यूएसटीपी और एसटीपी की स्थापना, पेट्रोल-सीएनजी पंप, एमएलसीपी, बाउंड्री वॉल और ओपन पवेलियन समेत आधुनिक फूड कोर्ट के निर्माण और विकास कार्यों को पूरा किया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.