कुंभ में लोगों के बिछड़ने की बात वर्षों से लोग सुनते और बोलते आ रहे हैं। अब डिजिटल इंडिया में कुंभ में बिछड़ने वालों की मुलाकात एआई से कराई जाएगी। महाकुंभ 2025 में कंप्यूटराइज खोया-पाया केंद्र बनाया गया है। यहां लोग गुम हुए शख्स की रिपोर्ट करा सकते हैं। 1920 हेल्पलाइन नंबर भी शुरू किया गया है। बता दें, 13 जनवरी 2025 से महाकुंभ शुरू होने जा रहा है। इसको लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। अधिकारियों द्वारा नियमित रूप से तैयारियों का जायजा लिया जा रहा है। वैसे, महाकुंभ का एक पहलु यह भी है कि बदलते वक्त एवं डिजिटलाइजेशन का असर इस पर भी होता दिख रहा है। इस कारण महाकुंभ में खोने वाले लोगों को अब एआई की मदद से खोजा जाएगा।
खोया-पाया केंद्र का डिजिटलाइजेशन
मजिस्ट्रेट ज्ञानप्रकाश ने बताया कि इस बार हम खोया-पाया केंद्र को डिजिटल बनाए हैं। इसका मतलब है कि कुछ चीजों को कंप्यूटराइज किया जाएगा। इसके जरिए लोगों की फोटो खींचना, उनका डेटा इकट्ठा करना। फिर डेटा का क्रियान्वयन करना आदि किया जाएगा। उन्होंने कहा कि एआई में नई टेक्नोलॉजी आई है। इसमें आप शब्दों के जरिए जो भी डेटा या डिस्क्रिप्शन देते हैं, उसके जरिए नया डेटा बनता है। जैसे पुलिस विभाग पहले स्केचिंग करती थी, वैसे एआई का इस्तेमाल कर स्केचिंग के जरिए हम लोगों का पता करेंगे।
10 कंप्यूटराइज खोया-पाया केंद्र बनाए गए
अधिकारी ने बताया कि कंप्यूटराइज 10 खोया-पाया केंद्र बनाए गए हैं। इसमें से एक मेन सेंटर है। यहां संचालन और केंद्रीयकरण भी होगा। एमआईएस सर्वर रूम भी बनाया गया है। वहां सब डेटा एकत्रित होगा। कोई खो गया है तो वो 1920 हेल्पलाइन पर कॉल कर जानकारी दे पाएंगे।


Download Android App
Download iOS App



