ईरान (Iran) की राजधानी तेहरान से चीन (China) के ग्वांगझाऊ जा रहे महान एयर के एक यात्री विमान में बम होने की सूचना के बाद हड़कंप मच गया। मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह उस समय हुई, जब उड़ान संख्या डब्ल्यू-581 (W581) भारतीय वायु क्षेत्र के ऊपर से उड़ान भर रही थी। जिसके बाद इसे रोकने के लिए भारतीय वायुसेना (Indian Air Force) ने अपने लड़ाकू विमान भेजे। इस उड़ान का लड़ाकू विमानों ने सुरक्षित दूरी पर पीछा किया।
बम की सूचना को नजरअंदाज करने का संदेश
इस विमान को पहले जयपुर और फिर चंडीगढ़ में उतारने का विकल्प दिया गया था। हालांकि पायलट ने कहा कि वह दोनों में से किसी भी हवाई अड्डे पर विमान नहीं उतारना चाहता है। यह जानकारी वायुसेना ने एक बयान जारी कर दी। बयान के मुताबिक, तेहरान (Tehran) से कुछ देर बाद बम की सूचना को नजरअंदाज करने का संदेश मिला, जिसके बाद विमान ने अपने अंतिम गंतव्य की ओर यात्रा जारी रखी।
वायुसेना की निगरानी में था विमान
बयान में कहा गया है, “भारतीय वायुसेना द्वारा सभी कदम नागरिक उड्डयन मंत्रालय (Ministry of Civil Aviation) और नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (BCAS) के साथ संयुक्त रूप से निर्धारित प्रक्रिया के तहत उठाए गए थे।” इसमें बताया गया है कि ईरानी विमान भारतीय वायु क्षेत्र में उड़ान के दौरान वायुसेना की करीबी रडार निगरानी में था। बताया जा रहा है कि यह विमान जब भारतीय वायु क्षेत्र में था, तब दिल्ली हवाई अड्डे का वायु यातायात नियंत्रक (ATC) लगातार वायुसेना के संपर्क में था।


Download Android App
Download iOS App



