पेट्रोल-डीज़ल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ राहुल की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं का विजय चौक पर विरोध-प्रदर्शन

Summary :

राहुल गांधी की अगुवाई कांग्रेस नेताओं ने आज विजय चौक पर विरोध-प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। प्रदर्शन से पहले कांग्रेस ने लोगों से महंगाई के खिलाफ विरोध का आह्वान किया।

पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस ने संसद के बाहर भी प्रदर्शन शुरू कर दिया। राहुल गांधी की अगुवाई कांग्रेस नेताओं ने आज विजय चौक पर विरोध-प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। प्रदर्शन से पहले कांग्रेस ने लोगों से महंगाई के खिलाफ विरोध का आह्वान किया।
धरने पर बैठे राहुल गांधी ने कहा कि पिछले 10 दिन में 9 बार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ाए गए हैं और इसका परिणाम मध्यम वर्ग और गरीब लोगों पर पड़ता है। हमारी मांग है कि सरकार पेट्रोल-डीज़ल के दाम को बढ़ाना बंद करें। पूरे देश में हमारा प्रदर्शन चलेगा और काफी दिनों तक चलेगा।
प्रदर्शन में शामिल पार्टी के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने कहा, जब पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ते हैं तब हर चीज़ के दाम बढ़ते हैं। जब दुनिया में कच्चे तेल के दाम सबसे कम थे तब भी यह सरकार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ा रही थी। 101 रुपये का तेल भराने में 52 रुपये सरकार के पास एक्साइज टैक्स के रूप में जा रहे हैं।


पार्टी सांसदों ने संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही आरंभ होने से करीब डेढ़ घंटे पहले विजय चौक पर कांग्रेस के ‘महंगाई मुक्त भारत’ अभियान के तहत धरना दिया। इसमें राहुल गांधी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कई अन्य सांसद शामिल हुए।

कांग्रेस सांसदों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। कांग्रेस के महासचिवों एवं प्रदेश प्रभारियों की गत शनिवार को हुई एक बैठक में फैसला लिया गया था कि पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और कई खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर सरकार को घेरने के लिए पार्टी 31 मार्च से तीन चरणों में ‘महंगाई मुक्त भारत’ अभियान चलाएगी।

Desk Team