भारत में 188 दिन बाद कोरोना वायरस के सबसे कम 1,334 नए मामले दर्ज किए गए, जिससे संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,46,44,076 हो गयी जबकि उपचाराधीन मरीजों की संख्या कम होकर 23,193 रह गयी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सोमवार को सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 16 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 5,28,977 पर पहुंच गयी है। इसमें केरल द्वारा मौत के कुछ मामलों को कोरोना वायरस संक्रमण से जान गंवाने वाले लोगों की सूची में शामिल किए गए 12 मामले भी शामिल हैं।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत
आंकड़ों के अनुसार, उपचाराधीन मरीजों की संख्या संक्रमण के कुल मामलों का 0.05 प्रतिशत है जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर बढ़कर 98.76 फीसदी हो गयी है। बीते 24 घंटे में कोविड-19 के उपचाराधीन मीरजों की संख्या में 239 मामलों की कमी दर्ज की गयी। संक्रमण की दैनिक दर 1.52 प्रतिशत जबकि साप्ताहिक संक्रमण दर 0.95 प्रतिशत दर्ज की गयी। इस बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,40,91,906 हो गयी है जबकि मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत दर्ज की गयी। देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत 219.56 करोड़ खुराकें अबतक दी गयी हैं।
ये है आंकड़ा
गौरतलब है कि देश में सात अगस्त 2020 को कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त 2020 को 30 लाख और पांच सितंबर 2020 को 40 लाख से अधिक हो गई थी। संक्रमण के कुल मामले 16 सितंबर 2020 को 50 लाख, 28 सितंबर 2020 को 60 लाख, 11 अक्टूबर 2020 को 70 लाख, 29 अक्टूबर 2020 को 80 लाख और 20 नवंबर को 90 लाख के पार चले गए थे।
19 दिसंबर 2020 को मामले हो गए थे एक करोड़ से अधिक
देश में 19 दिसंबर 2020 को ये मामले एक करोड़ से अधिक हो गए थे। पिछले साल चार मई को संक्रमितों की संख्या दो करोड़ और 23 जून 2021 को तीन करोड़ के पार पहुंच गई थी। इस साल 25 जनवरी को संक्रमण के मामले चार करोड़ के पार हो गए थे। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते 24 घंटे में जिन चार लोगों की कोरोना वायरस से मौत हुई है उनमें से एक-एक मरीज की मौत कर्नाटक, ओडिशा, त्रिपुरा और उत्तर प्रदेश में हुई।


Download Android App
Download iOS App



