रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में बुधवार को कहा कि सरकार आंध्र प्रदेश में दक्षिण तटीय रेलवे जोन के गठन को लेकर प्रतिबद्ध है और इस दिशा में काम काफी आगे बढ़ गया है। निचले सदन में प्रश्नकाल के दौरान के श्रीनिवास के पूरक प्रश्न के उत्तर में रेल मंत्री ने यह बात कही। सदस्य ने आंध्र प्रदेश के लिये अलग रेलवे जोन बनाने की मांग उठाई थी।
वैष्णव ने कहा, ‘‘ सरकार दक्षिण तटीय रेलवे जोन के गठन को लेकर पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। इसको लेकर भवन निर्माण, स्थल से जुड़े विषय आदि पर काम अंतिम चरण में है।’’
हम इसे जल्द से जल्द पूरा करने को प्रतिबद्ध है-रेल मंत्री
बुधवार को ‘वर्ष 2022-23 के लिए रेल मंत्रालय के नियंत्रणाधीन अनुदानों की मांगों पर चर्चा’ में हिस्सा लेते हुए तेलुगु देशम पार्टी के सांसद राम मोहन नायडू ने आंध्र प्रदेश में रेलवे जोन बनाने की मांग की थी। उन्होंने कहा था कि तीन वर्षों से मांग हो रही है कि दक्षिण तटीय रेलवे जोन का गठन किया जाए, ऐसे में इस मांग को केंद्र सरकार को तत्काल पूरा करना चाहिए।
एक अन्य सवाल के जवाब में रेल मंत्री ने कहा कि यात्री सुविधा को बेहतर बनाना एक सतत प्रक्रिया है और रेलवे में साफ सफाई की स्थिति काफी बेहतर हुई है।


Download Android App
Download iOS App



