केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 टीकों की 1.77 करोड से अधिक खुराक अब भी मौजूद हैं और अगले तीन दिन में उन्हें टीकों की और एक लाख खुराकें मिल जाएंगी। मंत्रालय ने बताया कि केंद्र ने राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को अब तक नि:शुल्क श्रेणी तथा राज्य द्वारा सीधे खरीद की श्रेणी में टीके की 22,00,59,880 खुराकें उपलब्ध करवाई हैं।
मंत्रालय ने बुधवार सुबह आठ बजे तक उपलब्ध आंकड़ों के हवाले से बताया कि इसमें से टीकों की कुल 20,13,74,636 खुराकों (जिसमें बेकार गए टीके भी शामिल हैं) का इस्तेमाल हुआ है। मंत्रालय ने कहा, ‘‘राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के पास कोविड-19 टीकों की 1.77 करोड़ से अधिक (1,77,52,594) खुराक अब भी मौजूद हैं। इसके अलावा, अगले तीन दिन में उन्हें और 1,00,000 खुराक मिल जाएगी।’’
राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत केंद्र राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को कोविड-19 के नि:शुल्क टीके उपलब्ध करवा रहा है, इसके अलावा उन्हें टीकों की सीधी खरीद की सुविधा भी दे रहा है। मंत्रालय ने बताया कि सरकार की महामारी से निबटने की एक व्यापक रणनीति जिसका एक अहम हिस्सा टीकाकरण है। इस रणनीति के तहत सेंट्रल ड्रग्स लेबोरेटरी द्वारा मंजूर किए गए किसी भी टीका निर्माता की टीका खुराकों में से 50 फीसदी भारत सरकार हर महीने खरीदेगी। वह ये खुराकें पहले की तरह राज्य सरकारों को नि:शुल्क उपलब्ध करवाना जारी रखेगी।


Download Android App
Download iOS App



