भारत के सशस्त्र बल देश के रक्षा के लिए अब सीमा पार करने से नहीं हिचकिचाते : रक्षा मंत्री

Summary :

बालाकोट हवाई हमले की पहली वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के भारत के रुख में बड़ा बदलाव आया है

बालाकोट हवाई हमले की पहली वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आतंकवाद से निपटने के भारत के रुख में बड़ा बदलाव आया है क्योंकि अब उसके सशस्त्र बल देश की रक्षा करने के लिए सीमा पार करने से नहीं हिचकिचाते। 

गौरतलब है कि पिछले वर्ष 14 फरवरी को हुए पुलवामा आतंकवादी हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के 40 जवानों की शहादत का बदला लेने के लिए 26 फरवरी को भारतीय वायु सेना ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकवादी प्रशिक्षण शिविर पर बम बरसाए थे। 

सिंह ने सिलसिलेवार ट्वीट कर कहा, ‘‘आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख और आतंकवाद का मुकाबले करने के हमारे तरीकों को बदलने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देता हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और 2019 का बालाकोट हवाई हमला इस बदलाव के गवाह हैं। यह निश्चित तौर पर नया और आत्मविश्वास से भरा भारत है।’’ 

Desk Team