अंतर्राष्ट्रीय गोल्फर जितेंद्र सिंह रंधावा उर्फ ज्योति रंधावा को गिरफ्तार किया गया है। ज्योति रंधावा को उत्तर प्रदेश के बहराइच में अवैध शिकार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से A22 राइफल भी बरामद की गई। जानकरी के मुताबिक, वन विभाग को सूचना मिली थी कि एक गाड़ी लगातार प्रतिबंधित वन क्षेत्र में देखी जा रही है, इसमें शिकारी हो सकते हैं। इसके बाद मौके पर वन विभाग की टीम ने रेड की तो गाड़ी में गोल्फर ज्योति रंधावा निकले।
उन्हें संरक्षित वन क्षेत्र में शिकार की योजना बनाए जाने के आरोप में हिरासत में ले लिया गया है। डीएफओ जेपी सिंह के मुताबिक, कतर्नियाघाट के मोतीपुर रेंज में शिकार कर रहे ज्योति रंधावा के पास से एक राइफल और अन्य उपकरण बरामद किए गए हैं। उनके साथ एक अन्य शख्स महेश को भी पकड़ा गया है। इन्हें जंगल में कंपार्टमेंट नंबर 5 से पकड़ा गया।इनके पास से जंगली मुर्गे, सुअर और सांभर की खाल बरामद हुई है।
उन्होंने कहा कि ये वन्य क्षेत्र दुधवा टाइगर रिजर्व का हिस्सा है। इनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए इन्हें जेल भेजा जाएगा। हाल ही में ज्योति रंधावा को महाराष्ट्र के यवतमाल में आदमखोर बाघिन को तलाशने वाली टीम में शामिल किया गया था। बाघिन की तलाश के लिए बनी विशेष डॉग टीम का नेतृत्व ज्योति रंधावा ने ही किया था। इसके लिए उन्हें विशेष तौर पर दिल्ली से यवतमाल बुलाया गया था। अब वह खुद अवैध शिकार के आरोप में फंस गए हैं।


Download Android App
Download iOS App




