नई दिल्ली, 2 नवंबर (आईएएनएस)। लाइफ इंश्योरेंस कॉर्पोरेशन हाउसिंग फाइनेंस लिमिटेड (एलआईसी-एचएफएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए यह एक शानदार अवसर है। एलआईसी-एचएफएल ने मैनेजमेंट ट्रेनी- मार्केटिंग और सेल्स – फ्रेशर के कुल 50 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है।
एलआईसी-एचएफएल की ओर से मैनेजमेंट ट्रेनी- मार्केटिंग और सेल्स पोस्ट के लिए जारी 50 रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया जारी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 12 नवंबर तक तय की गई है। ऐसे में जो पात्र और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एलआईसी-एचएफएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से एमबीए की डिग्री होनी चाहिए। इसके अतिरिक्त कैंडिडेट्स के पास बातचीत करने की क्षमता और स्थानीय भाषा में अच्छी पकड़, बिजनेस डेवलपमेंट, क्लाइंट रिलेशनशिप, क्लाइंट रिलेशनशिप मैनेजमेंट (सीआरएम), इफेक्टिव कम्युनिकेशन और फील्ड सेल्स का कौशल होना भी जरूरी है। वहीं, सेल्स और बातचीत (नेगोशिएशन) में एक वर्ष का अनुभव वाले को प्राथमिकता दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज सत्यापन, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को ट्रेनिंग अवधि के दौरान 40,000 से 50,000 रुपए के बीच स्टाइपेंड प्रतिमाह दिया जाएगा। वहीं, स्थायी होने के बाद उम्मीदवारों की कॉस्ट-टू-कंपनी (सीटीसी) 14 लाख रुपए से अधिक प्रतिवर्ष होगी।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि मैनेजमेंट ट्रेनी (मार्केटिंग और सेल्स), कस्टमर बनाने, चैनल डेवलप करने, बिल्डर्स के साथ संबंध बनाने और मार्केट का विस्तार करने के जरिए बिजनेस की ग्रोथ में मदद करेगा। इस रोल में हाउसिंग फाइनेंस सेल्स, डिस्ट्रीब्यूशन मैनेजमेंट, अंडरराइटिंग, कस्टमर रिलेशनशिप मैनेजमेंट और मार्केट डेवलपमेंट का प्रैक्टिकल अनुभव मिलेगा, जिससे ट्रेनी भविष्य में ऑर्गनाइजेशन में मैनेजर की जिम्मेदारियां संभालने के लिए तैयार हो सकेगा।
एलआईसी-एचएफएल की ओर से यह एक वर्ष का ट्रेनिंग प्रोग्राम है और इसके बाद उम्मीदवारों को तय शर्तों के आधार पर नौकरी में शामिल किया जा सकता है। सर्विस बॉन्ड की शर्तों के अनुसार उम्मीदवारों को जॉइनिंग की तारीख से कम से कम 2 वर्ष तक कंपनी में काम करना होगा।
कैंडिडेटेस को भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एलआईसी-एचएफएल की आधिकारिक वेबसाइट को चेक करने की सलाह दी जाती है।
–आईएएनएस
डीके/वीसी
(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)


Download Android App
Download iOS App



