इस समय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर है।बता दें इस दौरान गुरुवार को उन्होंने कहा कि गुलामी वाली मानसिकता को दिमाग से निकालकर ही 2047 तक विकसित भारत का सपना साकार हो सकेगा। ओडिशा के पुरी में ‘मेरी माटी,मेरा देश’ कार्यक्रम के तहत ‘प्राण पंच प्रतिज्ञा’ में निर्मला सीतारमण ने लोगों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
सीतारमण ने 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की
दरअसल, निर्मला सीतारमण ओडिशा के दो दिवसीय दौरे पर बुधवार रात भुवनेश्वर पहुंचीं। गुरुवार को उन्होंने 12वीं सदी के जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा, स्थानीय विधायक जयंत सारंगी और ललितेंदु विद्याधर महापात्र मौजूद थे। निर्मला सीतारमण ने मंदिर में आधे घंटे से अधिक समय तक पूजा की।
20वें संस्करण के उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे
इसके साथ ही सीतारमण ने मशहूर रेत कलाकार सुदर्शन पटनायक के ‘मेरी माटी, मेरा देश’ पर आधारित रेत कला सत्र भी देखा। निर्मला सीतारमण और धर्मेंद्र प्रधान ने पुरी के पौधारोपण अभियान में हिस्सा लिया और स्वतंत्रता सेनानी शहीद जयी राजगुरु के जन्मस्थान भी गए। भुवनेश्वर वापस लौटने के बाद दोनों मंत्री एक पुस्तक के विमोचन कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और इसके बाद राष्ट्रीय सीए सम्मेलन के 20वें संस्करण के उद्घाटन समारोह में शिरकत करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



