पीएम मोदी ने देशवासियों से उपहारों, स्मृति चिह्नों की नीलामी में भाग लेने का किया आग्रह

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन उपहारों और स्मृति चिह्नों की नीलामी में भाग लेने का लोगों से आग्रह किया, जो उन्हें बीते वर्षों में मिले हैं। मोदी ने कहा कि इससे होने वाली आय ‘नमामि गंगे’ पहल में उपयोग की जाएगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को उन उपहारों और स्मृति चिह्नों की नीलामी में भाग लेने का लोगों से आग्रह किया, जो उन्हें बीते वर्षों में मिले हैं। मोदी ने कहा कि इससे होने वाली आय ‘नमामि गंगे’ पहल में उपयोग की जाएगी। प्रधानमंत्री ने रविवार को एक ट्वीट कर कहा कि पिछले वर्षों के दौरान मुझे अनेक उपहार और स्मृति चिन्ह मिले हैं जिनकी नीलामी की जा रही है। 
उन्होंने कहा कि इनमें हमारे ओलंपिक खिलाड़ियों द्वारा दिए गए विशेष स्मृति प्रतीक भी शामिल हैं। इस नीलामी में शामिल हों। इससे मिलने वाली धनराशि नमामि गंगे योजना के लिए इस्तेमाल की जाएगी। उन्होंने ट्वीट के साथ एक वीडियो भी साझा किया है जिसमें ओलंपिक खिलाड़ हाल ही में टोक्यो में संपन्न खेलों के बाद उन्हें ये प्रतीक चिन्ह देते दिखाई दे रहे हैं।


उल्लेखनीय है कि केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय प्रधानमंत्री को मिले उपहारों और प्रतीक चिन्ह की ऑनलाइन नीलामी कर रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शुरू हुई यह नीलामी सात अक्टूबर तक चलेगी। नीलामी प्रक्रिया में करीब 1300 उपहारों को शामिल किया गया है। ओलंपिक खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाले नीरज चोपड़ा के भाले की बोली डेढ़ करोड़ रुपए में लगी है।

Desk Team