Rahul Gandhi BJP Anil Bonde: कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर भाजपा सांसद अनिल बोंडे के विवादित बयान से भाजपा ने किनारा कर लिया है। दूसरी तरफ, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले के बयान का भाजपा ने समर्थन किया है।
अनिल बोंडे ने क्या कहा था ?
शिवसेना विधायक संजय गायकवाड के बाद, भाजपा सांसद अनिल बोंडे ने भी राहुल गांधी को लेकर एक विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की जुबान जला दी जानी चाहिए। भाजपा ने बोंडे के इस बयान से किनारा कर दिया है। महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि वह अनिल बोंडे के बयान का समर्थन नहीं करते।
रामदास अठावले ने राहुल के पासपोर्ट को रद्द करने का किया अनुरोध
वहीं, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले की ओर से राहुल गांधी के पासपोर्ट रद्द करने वाले बयान पर उन्होंने सहमति जताई। उन्होंने कहा कि रामदास अठावले ने सोच समझकर ही बोला होगा, राहुल गांधी जब-जब विदेश जाते हैं, वह देश को बदनाम करते हैं। महाराष्ट्र में महायुति के मुख्यमंत्री चेहरे के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि हमारे लिए पद का महत्व नहीं है। तीनों दलों नेता और पार्लियामेंट्री बोर्ड की बैठक में यह तय किया जाएगा कि कौन मुख्यमंत्री होगा।
राहुल गांधी की जीभ काटने वाले पर रख चुके हैं ईनाम
आपको बताते चलें, संजय गायकवाड ने बीते दिनों कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर विवादित बयान दिया था। गायकवाड ने राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम देने का ऐलान किया था। इस बयान के बाद से विवाद खड़ा हो गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मामले में संजय गायकवाड़ के खिलाफ बुलढाणा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।


Download Android App
Download iOS App




