देश में अब तक 3 करोड़ से अधिक किशोरों ने ली वैक्सीन, मांडविया ने की युवा मित्रों से टीका लगवाने की अपील

Summary :

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने यहां एक ट्वीट में कहा कि देश के युवाओं ने बड़ी जिम्मेदारी और उत्साह का प्रदर्शन किया है।

देश में कोविड टीकाकरण अभियान के तहत गुरुवार तक तीन करोड़ से अधिक किशोरों को कोविड टीके लगाये जा चुके हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडविया ने यहां एक ट्वीट में कहा कि देश के युवाओं ने बड़ी जिम्मेदारी और उत्साह का प्रदर्शन किया है।
मनसुख मांडविया ने ट्वीट कर दी जानकारी 
उन्होंने कहा कि 15 से 18 आयु वर्ग में तीन करोड़ से अधिक किशोर कोविड टीका की पहली खुराक ले चुके हैं।केंद्रीय मंत्री ने कहा,‘‘मैं सभी पात्र युवा मित्रों से जल्दी से जल्दी कोविड टीका लगवाने की अपील करता हूँ। ’’

3 जनवरी से  युवाओं का टीकाकरण शुरू हुआ 

देश में किशोरों के लिये कोविड टीकाकरण तीन जनवरी से आरंभ हुआ है। एक अनुमान के अनुसार देश में 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग की आबादी 7.40 करोड़ है।फिलहाल 15 से 18 साल के किशोरों को ही कोरोना वैक्सीन लगवाने की मंजूरी मिली है। 
बता दें कि  देश भर में पिछले 24 घंटे में 76 लाख से अधिक कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही कुल टीकाकरण का आंकड़ 154.61 करोड़ से अधिक हो गया है।केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने गुरुवार को यहां बताया कि पिछले 24 घंटे में देश में 76 लाख 32 हजार 24 कोविड टीके लगाये गये हैं। इसके साथ ही आज सुबह सात बजे तक एक अरब 54 करोड़ 61 लाख 39 हजार 465 कोविड टीके दिये जा चुके हैं।

Desk Team