टी-20 वर्ल्डकप: विराट कोहली के सपोर्ट में आए राहुल गांधी, कैप्‍टन को दी ये सलाह

Summary :

टी-20 वर्ल्डकप में भारत की लगातार हुई दो हार के बाद हाहाकार मचा है। कप्तान विराट कोहली को सोशल मीडिया पर निशाने पर लिया जा रहा है,

टी-20 वर्ल्डकप में भारत की लगातार हुई दो हार के बाद हाहाकार मचा है। कप्तान विराट कोहली को सोशल मीडिया पर निशाने पर लिया जा रहा है, उनके परिवार को धमकियां दी जा रही हैं। ऐसे में अब कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कप्तान विराट कोहली का समर्थन किया है।
राहुल गांधी ने सपोर्ट में किया ट्वीट

राहुल गांधी ने ट्वीट कर भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान कोहली का समर्थन किया है। राहुल ने लिखा, ‘डियर विराट, ये सभी लोग नफरत से भरे हुए हैं, जिन्हें कोई भी प्यार नहीं देता। आप इन्हें माफ कर दें और अपनी टीम की हिफाजत करें।’ इससे पहले भी जब पाकिस्तान के खिलाफ मिली हार के बाद गेंजबाज मोहम्मद शमी  को निशाना बनाया गया था तो राहुल ने ट्वीट कर उन्हें अपना समर्थन दिया था।

राहुल से पहले पाकिस्तान  क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान इंजमाम उल हक ने भी कोहली को सपोर्ट किया था। इंजी ने कोहली की बेटी को धमकी देने वालों को जमकर लताड़ लगाई और इसे शर्मनाक बताया। इंजमाम ने कहा कि आपको कोहली की बल्लेबाजी या उनकी कप्तानी की आलोचना करने का पूरा अधिकार है, लेकिन किसी को भी क्रिकेटर के परिवार को निशाना बनाने का हक नहीं है।
भारत को मिलीं दो शर्मनाक हार
भारतीय टीम को अब तक टी20 वर्ल्ड कप के एक भी मैच में जीत हासिल नहीं हुई है। पहले मैच में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से करारी मात दी थी और दूसरे मैच में न्यूजीलैंड ने 8 विकेट से भारत को रौंद दिया था। भारतीय टीम पर अब टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है और टीम अपना अगला मैच बुधवार को अफगानिस्तान के खिलाफ खेलेगी।

Desk Team