ये महात्मा गांधी के वंशज नहीं, ये तो नकली…, राहुल के आरोपों पर केंद्रीय मंत्री का पलटवार

Summary :

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि ये महात्मा गांधी के वंशज नहीं हैं। ये तो नकली गांधी हैं जो नकली विचारधारा रखते हैं, इसलिए ऐसे बोलते रहते हैं।

राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर सदन में महंगाई के मुद्दे पर बोलने नहीं देने का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेता के इन आरोपों पर पलटवार करते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री प्रल्हाद जोशी ने कहा है कि ये महात्मा गांधी के वंशज नहीं हैं। ये तो नकली गांधी हैं जो नकली विचारधारा रखते हैं, इसलिए ऐसे बोलते रहते हैं।
राहुल गांधी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए प्रह्लाद जोशी ने कहा कि देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र की हत्या करने वाले लोकतंत्र की बात कर रहे हैं? जिनकी अपनी पार्टी में लोकतंत्र नहीं है, वो लोकतंत्र की बात कर रहे हैं? उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को याद करना चाहिए कि जिन लोगों ने उनकी अपनी पार्टी में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनने की बात की उनके साथ कांग्रेस ने क्या किया? 

कांग्रेस के आरोपों पर BJP का पलटवार, कहा-वार्ता के समय सदन से बाहर चले जाते हैं राहुल

ईडी की कार्रवाई का बचाव करते हुए जोशी ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है, इससे सरकार का कोई लेना-देना नहीं है। वो अदालत में भी गए थे लेकिन अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी। केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि गांधी परिवार डर क्यों रहा है? अगर उन्होंने कुछ गलत नहीं किया है तो वो बरी हो जाएंगे। केंद्रीय मंत्री ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार जांच एजेंसी के साथ सहयोग नहीं कर रहा है। 
उन्होंने मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ की गई पूछताछ को सही ठहराते हुए कहा कि कांग्रेस का देश के कानून और न्यायालय में कोई भरोसा नहीं है। बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की विचारधारा पर राहुल गांधी द्वारा उठाए गए सवाल पर पलटवार करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता मालिक होती है और देश की जनता हर चुनाव में बीजेपी को जीत दिला रही है और इसका मतलब बिल्कुल साफ है कि देश की जनता हमारी विचारधारा और हमारे फैसले का समर्थन कर रही हैं।

Desk Team